Punjab News: रातभर हंगामा-तोड़फोड़, सुबह फिर हाईवे जाम...LPU में कथित रेप की खबर से गुस्साए छात्र, जमकर किया प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में एक छात्रा से कथित रेप की खबर को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल होने के बाद देर रात बड़ी संख्या में छात्र कैंपस में जुट गए। इसके बाद मामला बढ़ गया और छात्रों ने जमकर हंगामा किया। यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ और आगजनी की भी खबर भी सामने आई है। इसके अलावा छात्रों ने सुबह चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर पहुंचकर रास्ता बंद कर दिया। वहीं, पुलिस भी मौके पर पहुंची और छात्रों से बातचीत की। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक रेप की घटना की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े -'सपा को भाजपा फोबिया हो गया, हर जगह बीजेपी दिखती है', अखिलेश यादव पर बरसे दिनेश प्रताप सिंह
रात में कैंपस में जुटे छात्र
बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी में जमा हुए। इसकी शुरुआत गर्ल्स हॉस्टल के पास से हुई। बता दें कि, छात्रों के बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक मैसेज को लेकर नाराजगी थी। इसमें दावा किया गया था कि किसी बाहर के व्यक्ति ने एक छात्रा के साथ रेप को अंजाम दिया है। इसके बाद गुस्साए छात्रों का प्रदर्शन बढ़ता गया और कुछ जगहों पर तोड़फोड़-आगजनी की जानकारी सामने आई।
यूनिवर्सिटी गेट और हाईवे पर प्रदर्शन
हंगामा बढ़ने के बाद छात्र यूनिवर्सिटी के मेन गेट के बाहर पहुंच गए। यहां भी तोड़फोड़ की गई। इसके बाद प्रदर्शनकारी चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर पहुंचे। छात्रों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं, सुबह भी हाईवे पर विरोध जारी रहा।
पुलिस कर रही वायरल मैसेज की जांच
मामले की जानकारी मिलने पर कपूरथला के एसपी गौरव तूर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छात्रों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने की कोशिश की। अधिकारियों का कहना है कि अभी वायरल मैसेज की सच्चाई पता लगाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मैसेज सबसे पहले किसने और कहां से फैलाया।
Created On :   27 Sept 2026 9:49 AM IST








