Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ लेखक कनक तिवारी का निधन, 86 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ लेखक कनक तिवारी का निधन, 86 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता और वरिष्ठ लेखक कनक तिवारी का 86 साल की उम्र में निधन हो गया है।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ के जाने-माने लेखक और पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। गुरुवार (26 नवंबर) को 86 साल की उम्र में उनके निधन की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से बीमार थे। उनके जाने से छत्तीसगढ़ ने एक बड़े लेखक और विचारक को खो दिया है। उनके निधन की खबर से न्याय, साहित्य और राजनीति से जुड़े लोगों में दुख है। कई नेताओं ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी उनके निधन पर दुख जताया और कहा कि उनका जाना पूरे देश के लिए बड़ी क्षति है।

चरणदास महंत ने जताया दुख

कनक तिवारी के निधन पर छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है कि उनके जाने की खबर बेहद दुख देने वाली है। महंत ने कहा कि कनक तिवारी ने गांधी के विचारों, भारतीय संविधान और समाज से जुड़े मुद्दों पर बहुत कुछ लिखा। उनके विचारों ने समाज और न्याय व्यवस्था को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि तिवारी का जाना छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी क्षति है। देश ने एक सच्चे गांधीवादी विचारक को खो दिया है।

लंबे समय से बीमार थे कनक तिवारी

दरअसल, कनक तिवारी काफी समय से बीमार चल रहे थे। बुधवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें तुरंत भिलाई के बीएम शाह अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही उनके चाहने वालों और जानने वालों में दुख छा गया। परिवार के मुताबिक, उनकी बेटी के विदेश से वापस आने के बाद शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।

हाई कोर्ट के वरिष्ठ वकील थे

आपको बता दें कि, कनक तिवारी छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के वरिष्ठ वकील और राज्य के पूर्व महाधिवक्ता थे। वे संविधान के जानकार, लेखक और गांधीवादी विचारक के रूप में भी जाने जाते थे। उन्होंने गांधी के विचारों और समाज से जुड़े मुद्दों पर कई लेख लिखे। उनके विचारों को न्याय और समाज के क्षेत्र में काफी अहम माना जाता था।

Created On :  

Tags

Next Story