MP News: लाडली बहनों पर विवादित बयान देने वाले मंत्री शाह का महिला कांग्रेस ने जलाया पुतला

डिजिटल डेस्क, भोपाल। विवादित बयानों से सुर्खियों में रहने वाले कैबिनेट मंत्री विजय शाह एक बार फिर महिलाओं पर बयानबाजी से विवाद में हैं। शाह ने रतलाम में स्थानीय जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों से कहा कि अगर महिलाएं, मुख्यमंत्री के सम्मान में पहुंचती है तो उनकी सहायता राशि 250 बढ़ाई जाएगी, नहीं तो उनका वेरिफिकेशन पेंडिंग रखा जाएगा। बाद में शाह ने कहा कि उनके बयान को तोड़मरोड़ कर पेश किया गया है।
शाह के इस पर बयान पर सोमवार को मप्र महिला कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया और शाह का पुतला जलाया। शाह के बयान को महिला कांग्रेस ने धमकी देने वाला बयान बताया। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने कहा कि मंत्री शाह ने सम्मान समारोह में नहीं आने पर महिलाओं की जांच बैठाने की बात कही, यह महिलाओं का अपमान है। लाडली बहन योजना का लाभ लेना पात्र महिलाओं का अधिकार है। सरकार उन पर कोई एहसान नहीं कर रही है। रीना ने मंत्री के बयान की निंदा की और कहा कि शाह लगातार शर्मनाक बयानबाजी करते रहे हैं। रीना ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मांग की है कि विजय शाह के खिलाफ एक्शन लें। वहीं, पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने कहा विजय शाह का लाडली बहना को धमकाने वाला बयान भाजपा की सोची-समझी रणनीति है।
यह भी पढ़े -आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने कैमरन ग्रीन, KKR ने 25.20 करोड़ में खरीदा, पृथ्वी शॉ समेत इन प्लेयर्स को नहीं मिला कोई खरीददार
लाडली बहना को दी जाने वाली राशि, उनका संवैधानिक हित लाभ है, यह किसी का एहसान नहीं। योजना प्रारंभ होने के 2 महीने बाद ही नया पंजीयन बंद कर दिया गया। 30 लाख पात्र लाडली बहना का पंजीयन नहीं हुआ। 6 लाख लाडली बहना को योजना से बाहर कर दिया गया। सरकार का इस असंतोष को दबाने का प्रयास है । मंत्री शाह बहनों को धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। मंत्री शाह ने ऑपरेशन सिंदूर में निर्णायक भूमिका निभाने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर भी विवादित टिप्पणी की थी। इसकी देशभर में निंदा की गई थी। विजय शाह को भाजपा संगठन ने फटकार भी लगाई थी।
Created On :   16 Dec 2025 5:54 PM IST













