IPL Auction 2026: आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने कैमरन ग्रीन, KKR ने 25.20 करोड़ में खरीदा, पृथ्वी शॉ समेत इन प्लेयर्स को नहीं मिला कोई खरीददार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए खिलाड़ियों की मिनी नीलामी अबू धाबी के एतिहाद एरीना में चल रही है। ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को केकेआर ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा है। इस तरह वह अब आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अपने ही देश के मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ा है। उन्हें साल 2024 में केकेआर ने 24.75 करोड़ रुपए में खरीदा था।
पृथ्वी शॉ और सरफराज को नहीं मिला कोई खरीददार
वहीं भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और सरफराज खान को किसी ने नहीं खरीदा है। उनके अलावा जेक फ्रेजर-मैकगर्क, डेवोन कॉन्वे, लियम लिविंगस्टन, वियान मुल्डर और रचिन रविंद्र को भी कोई खरीददार नहीं मिला। वहीं ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को आरसीबी ने 7 करोड़ में खरीदा। उनकी बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये थी। इससे पहले साल 2024 में उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 23.75 करोड़ में खरीदा था लेकिन पिछले दो सीजन में उनका प्रदर्शन अच्छा न होने के चलते फ्रेंचाइजी ने उन्हें ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया था।
दिल्ली ने मिलर और लखनऊ ने हसरंगा को खरीदा
श्रीलंका के स्पिनर वनिंदु हसरंगा को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2 करोड़ रुपए में खरीदा। वहीं साउथ अफ्रीका के स्टार मिडिल ऑर्डर बेस्टमैन डेविड मिलर दो करोड़ रुपए में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बने।
बता दें कि आईपीएल के मिनी ऑक्शन के लिए पूरी दुनिया के 1390 प्लेयर्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था। लेकिन सभी टीमों ने इनमें से कुछ ही प्लेयर्स को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई थी। इस वजह से बीसीसीआई ने 350 शीर्ष खिलाड़ियों को ही ऑक्शन के लिए चुना था। इन्हीं पर आज नीलामी हो रही है।
नीलामी में खिलाड़ियों की बेस प्राइस 30 लाख रुपए से लेकर 2 करोड़ रुपए तक है। बेस प्राइस का मतलब जिस कीमत से खिलाड़ी की बोली शुरू होती है। इस बार 40 प्लेयर्स की बेस प्राइस सबसे ज्यादा 2 करोड़ रुपए है। वहीं 30 की 1 से 1.50 करोड़ रुपए और 228 खिलाड़ियों की शुरुआती कीमत 30 से 75 लाख रुपए के बीच है।
Created On :   16 Dec 2025 3:55 PM IST












