मौसम अपडेट: आज देशभर के 18 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, जानें अपने शहर के मौसम का हाल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 18 राज्यों के लिए खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। आने वाले 6 घंटे में कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र में मौसम बदल सकता है। लोगों को बारिश और तेज हवा के दौरान घर से बाहर निकलते समय सावधानी रखने की सलाह दी गई है।
दिल्ली और महाराष्ट्र में कैसा रहने वाला है मौसम?
दिल्ली में 16 सितंबर को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगह हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है और तापमान करीब 24 से 34 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, महाराष्ट्र के गढ़चिरौली, नंदुरबार, धुले, ठाणे और नासिक में तेज बारिश हो सकती है। यहां हवा 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है। मुंबई में तापमान 26 से 29 डिग्री के आसपास रह सकता है।
मध्य प्रदेश में आंधी के साथ बारिश
मध्य प्रदेश के देवास, बैतूल, हरदा, धार, विदिशा, छिंदवाड़ा, बालाघाट, गुना, उज्जैन, उमरिया, सिवनी, मंडला और जबलपुर समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज आंधी भी आ सकती है। हवा की रफ्तार भी 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। भोपाल में तापमान 24 से 27 डिग्री के आसपास रह सकता है।
यह भी पढ़े -उत्तर प्रदेश मुजफ्फरनगर में मुठभेड़ के बाद चार चोर गिरफ्तार, हाथरस पुलिस ने फायरिंग केस में शामिल चार आरोपी दबोचे
तमिलनाडु में भी बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु के नीलगिरी, कोयंबटूर, इरोड, सलेम, कृष्णागिरी, धर्मपुरी, वेल्लोर, मदुरै, डिंडीगुल, तंजावुर समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और चेन्नई में तापमान 28 से 33 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है।
Created On :   16 Sept 2026 9:05 AM IST













