West Bengal Politics: उपचुनाव से पहले CM शुभेंदु अधिकारी की मुस्लिम वोटर्स से खास अपील, नंदीग्राम में बड़ी जीत का भी किया दावा

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं। चुनाव से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दोनों सीटों के अल्पसंख्यक वोटर्स से खास अपील की है। उन्होंने कहा है कि 6 अक्टूबर का चुनाव उनके लिए एक तरह की परीक्षा है। उन्हें तय करना है कि वे सरकार के साथ रहना चाहते हैं या नहीं। अधिकारी ने कहा कि लोगों को धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि विकास के मुद्दे पर फैसला करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी की सरकार ही राज्य में विकास का काम करेगी। नंदीग्राम में बीजेपी ने हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है।
यह भी पढ़े -भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर बैठक, वरिष्ठ नेताओं ने किया संबोधित
अल्पसंख्यक वोटर्स से बोले शुभेंदु
शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि नंदीग्राम और रेजिनगर के अल्पसंख्यक मतदाताओं के पास इस चुनाव में अपनी बात रखने का मौका है। उन्होंने कहा कि अगर वे सरकार के साथ विकास के लिए आगे बढ़ना चाहते हैं तो उन्हें फैसला लेना होगा। उनके मुताबिक चुनाव का नतीजा बताएगा कि लोग सरकार के साथ हैं या नहीं।
नंदीग्राम में हसीरानी रथ उम्मीदवार
आपको बता दें कि, नंदीग्राम सीट के लिए बीजेपी ने हसीरानी रथ को टिकट दिया है। वह पार्टी नेता और मुख्यमंत्री के पूर्व सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ रथ की मई में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हसीरानी रथ ने मंगलवार को हल्दिया में अपना नामांकन दाखिल किया था। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे थे।
यह भी पढ़े -दिल्ली में हुए सम्मेलन को लेकर सत्तापक्ष के नेताओं ने गिनाई उपलब्धि, विपक्षी दलों के नेताओं ने उठाए कई सवाल
50 हजार वोट से जीत का दावा
शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में बीजेपी की बड़ी जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि पिछली बार वह करीब 10 हजार वोट से जीते थे लेकिन इस बार पार्टी को 50 हजार से ज्यादा वोटों की बढ़त मिल सकती है। उन्होंने इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम को लेकर जनता के समर्थन का हवाला दिया है।
Created On :   16 Sept 2026 10:08 AM IST












