Nagaon Lok Sabha by-election: AIUDF ने उम्मीदवार का किया ऐलान, बीजेपी-कांग्रेस के बीच मुकाबला हुआ दिलचस्प, 16 सितंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

डिजिटल डेस्क, दिसपुर। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फंट (AIUDF) ने असम के नागांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। पार्टी की ओर से इस सीट पर एआईयूडीएफ के अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल चुनाव लड़ेंगे। बता दें, अजमल होजाई जिले की बिन्नाकांडी सीट से विधायक हैं।
यह भी पढ़े -'राज्यों में नहीं, संसद में आए कानून, एनडीए में भी मतभेद', यूसीसी पर उमर अब्दुल्ला ने उठाए सवाल
नागांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर एआईयूडीएफ के प्रत्याशी बदरुद्दीन अजमल की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा ‘नागांव में चुनावी मुकाबला एकतरफा होगा और मैं भारी बहुमत से चुनाव जीतूंगा। इस बार मुकाबला हमारे और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच होगा और कांग्रेस का कोई दखल नहीं होगा।’ बदरुद्दीन अजमल साल 2009 से 2024 तक असम की धुबड़ी संसदीय सीट से संसद के निचले सदन (लोकसभा) में बैठ चुके हैं।
भाजपा, कांग्रेस और टीएमसी के उम्मीदवार
राज्य की सत्ताधारी पार्टी भाजपा और अन्य दल कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पहले ही लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने-अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी हैं। भाजपा ने पूर्व आईएएस अधिकारी देवाशीष शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने मंगलवार (15 सितंबर, 2026) को पूर्व विधायक शिवमणि बोरा को अपना प्रत्याशी बनाया है। ममता की पार्टी TMC ने उपचुनाव के लिए अब्दुल सलाम को अपना उम्मीदवार बनाया है।
यह भी पढ़े -कांग्रेस में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पर विवाद 35 पदों में एक भी महिला नहीं, केएन राजन्ना ने जताई आपत्ति
नागांव लोकसभा सीट पर कब होगा उपचुनाव?
असम के नागांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव 6 अक्टूबर को होगा और 9 अक्टूबर को काउंटिंग की जाएगी। नॉमिनेशन की प्रक्रिया बुधवार (16 सितंबर, 206) से शुरू होगी। नॉमिनेशन के कागजातों की जांच 17 सितंबर को होगी। वहीं, नॉमिनेशन से नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 19 सितंबर है।
Created On :   15 Sept 2026 8:53 PM IST












