Congress protest: पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल ने लॉन्च किया स्पीक अप अगेन्स्ट फ्यूल हाइक कैंपेन

Congress protest: पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल ने लॉन्च किया स्पीक अप अगेन्स्ट फ्यूल हाइक कैंपेन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ते दामों के विरोध में कांग्रेस आज देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन कर रही है। आज सोमवार को जब दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल अनिल बैजल के घर के बाहर प्रदर्शन करने जा रहे थे, तो पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। उधर, बेंगलुरु में कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया प्रदर्शन में शामिल होने के लिए साइकिल से निकले। पटना में भी कांग्रेस कार्यकर्ता साइकिल, बैलगाड़ी और घोड़ा गाड़ी लेकर सड़कों पर निकले।

बिहार में भी कांग्रेसियों का विरोध प्रदर्शन
बिहार की राजधानी पटना में भी पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमत को लेकर कांग्रेस नेता सड़कों पर उतरे। इस दौरान नेताओं-कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और केन्द्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। कई कार्यकर्ता घोड़ागाड़ी और बैलगाड़ी पर सवार होकर निकले तो कई नेताओं ने साइकिल चलाकर कीमत वृद्घि का विरोध किया। नेता-कार्यकर्ताओं ने बोरिंग रोड से डाक बंगला तक साइकिल चलाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई बढ़ाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि आज पेट्रोल और डीजल की कीमतें बराबर हो गई है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार गरीब विरोधी काम कर रही है। इधर, युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ललन कुमार ने कहा कि जो आज सरकार में हैं, वे इन्हीं मुद्दों को लेकर पहले धरना प्रदर्शन किया करते थे, लेकिन आज पेट्रोल डीजल की कीमतों में वे मौन साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को टैक्स कम कर यहां के लोगों को राहत देनी चाहिए।

राहुल गांधी ने लॉन्च की  स्पीक अप अगेन्स्ट फ्यूल हाइक कैंपेन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने स्पीक अप अगेन्स्ट फ्यूल हाइक कैंपेन की शुरुआत की, जिसमें पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ बोलने की अपील की। राहुल गांधी ने एक वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट कर लिखा कि आइये स्पीक अप अगेन्स्ट फ्यूल हाइक कैंपेन से जुड़ें। वीडियो में राहुल गांधी ने कहा- "कोरोना संकट और चीन के साथ बिगड़ते हालात के बीच सरकार ने आम आदमी को अपने हालात पर छोड़ दिया है।

लोगों के पास रोज़गार नहीं है और केंद्र सरकार 21 दिनों से हर रोज दाम बढ़ाए जा रही है। ऐसे हालात में भाजपा सरकार लोगों के जख्मों पर मरहम लगाने के बजाए नमक रगड़ रही है। आओ हम सब मिलकर पेट्रोल और डीजल के खिलाफ आम भारतीय की आवाज को बुलंद करें। वीडियो में पेट्रोल-डीजल के दामों से परेशान लोगों के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने की अपील भी की गई है।

 

 

दिल्ली में पेट्रोल से महंगा बिक रहा डीजल
बता दें कि पेट्रोल- डीजल (Petrol-Diesel) की कीमतों में लगातार 21 दिनों से जारी बढ़ोतरी पर जहां रविवार को ब्रेक लगा। वहीं एक दिन बाद ही फिर से ईधन के दाम में इजाफा देखने को मिला है। भारतीय तेल (Indian Oil) विपणन कंपनियों ने आज (सोमवार, 29 जून) को ईंधन के दाम में फिर से वृद्धि की है। पेट्रोल की कीमत में जहां 5 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की है। वहीं डीजल का भाव भी 13 पैसे प्रति लीटर तक बढ़ा दिया है। यह पहली बार है कि दिल्ली में डीजल पेट्रोल से भी महंगा बिक रहा है। दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल के लिए आपको 80.43 रुपये और डीजल के लिए 80.53 पैसे चुकाने होंगे।

Created On :   29 Jun 2020 8:13 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story