Air India Airline News: उड़ान भरने से पहले पायलट की मौत, होटल के कमरे में मिले बेहोश, एअर इंडिया ने जताया गहरा दुख

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एअर इंडिया एयरलाइन से जुड़ी एक घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि उड़ान भरने से पहले एक पायलट की मौत हो गई है। यह घटना दिल्ली में शनिवार को हुई है। घटना के बाद एयरलाइन ने एक बयान जारी किया है। इस दौरान बताया गया है कि पायलट घटना के वक्त अपने लेओवर के दौरान दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में स्थित एक होटल में रुके हुए थे। यहां पर वह बेहोशी की हालत में पाए गए। इसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पायलट की मौत पर गहरा दुख
एअर इंडिया ने अपने पायलट की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। कंपनी ने बताया कि वह लगातार मृतक के परिजनों के साथ संपर्क में है और इस दुख की घड़ी में कंपनी उनके परिवार के साथ खड़ी है। साथ ही हर संभव मदद करने की बात कही गई है। कंपनी ने बताया कि उनकी बेहोशी की जानकारी मिलने के बाद तुरंत अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, ताकि समय पर इलाज मिल सके, लेकिन डॉक्टरों ने पायलट को मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली से दक्षिण कोरिया की थी उड़ान
रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि मृतक पायलट मुंबई के रहने वाले थे। उनकी मौत के पीछे की वजह दिल का दौरा माना जा रहा है। वह शुक्रवार (11 सितंबर) को दिल्ली से दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल की उड़ान भरने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही उनकी जान चली गई। बताया जा रहा है कि इससे पहले वह एअर इंडिया एक्सप्रेस के लिए काम करते थे और उन्होंने दो महीने पहले ही एअर इंडिया एयरलाइन को ज्वाइन किया था। उनकी यह उड़ान शनिवार (12 सितंबर) की सुबह नई दिल्ली से थी।
यह भी पढ़े -जीवित बचने वाले एक मात्र यात्री विश्वास कुमार रमेश का एक साल बाद भी घटना की डरावनी यादों से छलका दर्द
पुलिस ने पायलट की मौत पर क्या कहा?
समाचार एजेंसी एएनआई ने अपनी रिपोर्ट में दिल्ली पुलिस के हवाले से बताया कि दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में स्थित एक होटल में एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने की जानकारी शुक्रवार को मिली थी। यह जानकारी वसंत कुंज नॉर्थ थाने में पीसीआर कॉल के जरिए मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो शख्स बेहोश हालत में मिला।
पुलिस का कहना है, "शुक्रवार (11 सितंबर) को मृतक के भाई ने होटल मैनेजर को कॉल किया था और बताया कि उनका भाई कॉल का जवाब नहीं दे रहा। इसके बाद मैनेजर कमरे में गए, लेकिन कमरा अंदर से बंद था, इसलिए होटल की मास्टर चाबी से दरवाजा खोला गया। अंदर मृतक बेहोशी की हालत में मिले और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे।"
पुलिस ने आगे बताया कि शनिवार को मृतक का पोस्टमार्टम सफदरजंग अस्पताल में कराया गया।
Created On :   12 Sept 2026 11:50 PM IST













