MP News: भोपाल में रिटायर्ड IAS की हत्या, ACP अंकिता खातरकर बोलीं- केयरटेकर फरार, अलमारी और गैस नोजल खुला मिला

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 1982 बैच के रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके घर में गला रेत कर हत्या कर दी गई है। वह सूरजनगर स्थित मकान में अपनी पत्नी के साथ रहते थे। राकेश अग्रवाल की तबीयत खराब थी इसलिए उनकी देखभाल के लिए दो दिन पहले ही एक मेल नर्स को रखा गया था। उसे निजी एजेंसी के जरिए काम पर रखा गया था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि इसी मेल नर्स ने हत्या की है। वारदात के बाद वह मौके से गायब हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
यह भी पढ़े -पीएम मोदी डिग्री मामला गुजरात हाई कोर्ट ने केजरीवाल की 25,000 रुपए के जुर्माने के खिलाफ अपील खारिज की
बीमारी के चलते रखा गया था मेल नर्स
जानकारी के मुताबिक., राकेश अग्रवाल की तबीयत ठीक नहीं थी। उनकी देखभाल के लिए परिवार ने एक निजी एजेंसी के जरिए मेल नर्स को काम पर रखा था। वह सिर्फ 2 दिन से घर में काम कर रहा था।
गला रेतकर की गई हत्या
राकेश अग्रवाल का शव घर में मिला है। उनकी गला रेतकर हत्या की गई है। घटना के समय उनकी पत्नी घर की ऊपरी मंजिल पर थीं। इसी वजह से वह सुरक्षित बच गईं। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर खुद मौके पर पहुंचे हैं।
गैस और प्रेस चालू छोड़कर भागा
हत्या के बाद आरोपी घर की रसोई में गैस चालू छोड़ गया। उसने प्रेस भी चालू रखी थी। इससे पुलिस को शक है कि घर में आग लगाने की भी कोशिश की गई थी ताकि घटना के बाद आगजनी जैसा मामला लगे।
पुलिस कर रही मेल नर्स की तलाश
आपको बता दें कि, मामला भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरजनगर का है। पुलिस आरोपी मेल नर्स की तलाश कर रही है। इसी के साथ ही, निजी एजेंसी से भी उसके बारे में जानकारी ली जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और पूरी घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी गुई है।
सीएम से एक्शन की अपील
इस मामले पर एमपी BJP के वरिष्ठ नेता और प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण एवं दुखद है। हत्या उनके स्वास्थ्य की देखभाल में रखे गये मेल नर्स ने की है यह जानकारी मिली। मेल नर्स को एक एजेंसी के माध्यम से रखा गया था मेरा माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आग्रह है कि संबंधित कंपनी के संचालकों के खिलाफ भी कानूनी कार्यवाही की जाए।
ACP अंकिता खातरकर का बयान
ACP अंकिता खातरकर ने कहा कि यह घटना आज सुबह सामने आई है। रिटायर्ड IAS ऑफिसर की हत्या की सूचना उनकी पत्नी ने दी थी। सबसे पहले पत्नी ने ही उन्हें इस हालत में देखा था।
उन्होंने आगे बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उन्होंने एक एजेंसी के माध्यम से एक केयरटेकर हायर किया था, जिसका नाम वरुण बताया जा रहा है। वह केयरटेकर ही उनके कमरे के बाहर सोता था। घटना के बाद से ही केयरटेकर फरार है, उसकी तलाश की जा रही है। मौके पर घर की अलमारी का गेट खुला हुआ मिला है और गैस सिलेंडर का नोजल भी खुला हुआ था। घटना का समय लगभग दो से तीन बजे के बीच का अनुमानित है। फॉरेंसिक टीम और पुलिस द्वारा सभी एंगल से जांच की जा रही है।
Created On :   30 Sept 2026 9:10 AM IST









