Twisha Sharma Case: छत पर गई अकेले… फिर नीचे आई लाश, CCTV में कैद ट्विशा के आखिरी पल, सीढ़ियों पर CPR देता नजर आया पति

छत पर गई अकेले… फिर नीचे आई लाश, CCTV में कैद ट्विशा के आखिरी पल, सीढ़ियों पर CPR देता नजर आया पति
ट्विशा शर्मा मौत मामले में नया सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। क्लिप में ट्विशा के पति और दो अन्य लोगों को उसे सीपीआर देते देखा जा सकता है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में अब नया सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो में ट्विशा सीढ़ियां चढ़कर तीसरी मंजिल पर जाती दिख रही है। उसके हाथ में हेडफोन भी नजर आ रहा है। वहीं, अन्य वीडियो में साफ-साफ देखा जा सकता है कि कैसे ट्विशा का पति और दो अन्य लोग उसे सीढ़ियों पर सीपीआर दे रहे हैं। लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं होता। इसके बाद उसे नीचे ले जाया जाता है।

ट्विशा का पति फरार

इस मामले में पति समर्थ सिंह फरार है और उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। वहीं, ट्विशा के परिवार ने मामले की दोबारा जांच और दूसरे राज्य में सुनवाई की मांग की है। पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है।

सीसीटीवी वीडियो में क्या दिखा

सामने आए 11 मिनट के वीडियो में ट्विशा शर्मा सीढ़ियां चढ़ते हुए तीसरी मंजिल पर जाती दिख रही है। वह एक बार कमरे की तरफ देखती है और फिर ऊपर चली जाती है। इसके बाद दूसरे वीडियो में उसे सीपीआर दिया जाता दिखाई देता है। बाद में तीन लोग उसे नीचे लेकर आते हैं।

पति समर्थ फरार, जमानत याचिका खारिज

ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने भोपाल कोर्ट में अग्रिम जमानत की मांग की थी लेकिन कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी। फरार चल रहे ट्विशा के पति समर्थ पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उसका पासपोर्ट रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

सास के बयान और परिवार के आरोप

ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ट्विशा की मानसिक हालत ठीक नहीं थी और उसका इलाज चल रहा था। वहीं, ट्विशा के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद उसे परेशान किया जाता था। परिवार ने दोबारा पोस्टमार्टम और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?

नोएडा की रहने वाली 31 साल की ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। समर्थ रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के बेटे हैं। परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दहेज को लेकर ट्विशा को परेशान किया जाने लगा। 12 मई 2026 की रात ट्विशा ने अपनी मां को फोन कर कहा कि वह अब प्रताड़ना नहीं सह सकती। कुछ देर बाद सास का कॉल आया कि ट्विशा की हालत खराब है और उसे भोपाल एम्स ले जाया जा रहा है। उसी रात ट्विशा ने फांसी लगा ली। पोस्टमार्टम में मौत की वजह फांसी बताई गई, लेकिन शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। परिवार अब कार्रवाई की मांग कर रहा है।

Created On :   19 May 2026 9:35 AM IST

Tags

Next Story