अहमदाबाद प्लेन क्रैश अपडेट: प्लेन क्रैश के बाद अब तक क्या-क्या हुआ? कितने लोगों की हुई मौत, कौन जिंदा बचा, जानें सब कुछ
- अहमदाबाद में हुआ प्लेन क्रैश
- हादसे में एक व्यक्ति जिंदा बचा
- अमित शाह अहमदाबाद पहुंचे
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया है। विमान में 242 पैसेंजर सवार थे। इस घटना ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने गुरुवार दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी और दोपहर 1:40 बजे यह क्रैश हो गई। बता दें कि, घटना में प्लेन में मौजूद एक यात्री विश्वास कुमार रमेश जिंदा बच गए हैं। उन्होंने खुद मीडिया को बताया कि प्लेन शुरू होने के तुरंत बाद विमान में जोरदार अवाज हुई, जिसके बाद फ्लाइट क्रैश हो गई।
यह फ्लाइट अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। लेकिन, अहमदाबाद के मेघानी नगर में यह प्लेन क्रैश हो गया। जहां से सभी घायल और मृत लोगों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया है। बता दें कि, अहमदाबाद के मेडिकल कॉलेज के मेस बिल्डिंग से यह विमान टकराया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिससे इस घटना का अंदाजा लगाया जा रहा है। हादसे के दौरान आग का एक बड़ा गुब्बार देखने को मिला है।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट में 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक था। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, 241 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, प्लेन में 169 भारतीय और अन्य विदेशी नागरिक सवार थे। इसमें एक नागरिक गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी इस प्लेन में सवार थे।
गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद पहुंच गए हैं। घटना को लेकर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है। अब मामले की जांच जारी है। साथ ही, प्लेन के क्रैश होने को लेकर भी जानकारी इकट्ठा की जा रही है।
20 इंटर्न डॉक्टर्स की मौत की आशंका
सूत्रों के मुताबिक, इस हादसे के पीछे प्लेन में टेक्निकल फॉल्ट बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस टेक्निकल फॉल्ट के चलते प्लेन ब्लॉस्ट हुआ था। इसके बाद प्लेन का हिस्सा बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल के ऊपर गिरा। इस दौरान 20 इंटर्न के मरने की संभावना है। हालांकि, यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है।
डीजीसीए ने जारी किया बयान
अहमदाबाद में एयर इंडिया के प्लेन क्रैश की घटना पर डीजीसीए का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि 12 जून को B787 विमान VT-ANB (अहमदाबाद से गैटविक के लिए) उड़ान AI-171 का संचालन करते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 2 पायलट और 10 केबिन क्रू सहित 242 लोग सवार थे। विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल के पास फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर के साथ थी। कैप्टन सुमीत सभरवाल 8200 घंटों के अनुभव वाले LTC हैं। सह-पायलट के पास 1100 घंटों की उड़ान का अनुभव था। एटीसी के अनुसार विमान ने रनवे 23 से 1 बजकर 39 मिनट पर पर अहमदाबाद से उड़ान भरी थी। रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान हवाई अड्डे की परिधि के बाहर ज़मीन पर गिर गया। दुर्घटनास्थल से भारी काला धुआं निकलता देखा गया।
Created On :   12 Jun 2025 7:46 PM IST