फाइनल में हारीं भाविना, रजत पदक से करना पड़ा संतोष, पीएम मोदी ने मेडल जीतने पर बाधाई दी

Paddler Bhavinaben Patel wins historic silver at Tokyo Paralympics
फाइनल में हारीं भाविना, रजत पदक से करना पड़ा संतोष, पीएम मोदी ने मेडल जीतने पर बाधाई दी
Tokyo Paralympics फाइनल में हारीं भाविना, रजत पदक से करना पड़ा संतोष, पीएम मोदी ने मेडल जीतने पर बाधाई दी
हाईलाइट
  • रजत पदक जीतने पर पीएम मोदी ने भाविना पटेल की सराहना की
  • पीएम ने कहा- उनका सफर युवाओं को स्पोर्ट्स में आने के लिए प्रेरणा देगा
  • भाविनाबेन पटेल को टोक्यो पैरालम्पिक खेलों में रजत पदक

डिजिटल डेस्क, टोक्यो। भारतीय महिला पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविनाबेन पटेल को टोक्यो पैरालम्पिक खेलों में रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भाविनाबेन को महिला एकल वर्ग के क्लास 4 इवेंट के फाइनल में चीन की यिंग झोउ ने 0-3 से हराया। हालांकि भाविना ने रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। वह पहली भारतीय महिला पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी हैं जिन्होंने पैरालम्पिक में इस इवेंट में कोई पदक जीता। रजत पदक जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाविना पटेल की सराहना की।

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, "भाविना पटेल ने इतिहास रच दिया है। भाविना भारत के लिए ऐतिहासिक सिल्वर मेडल जीतकर लाई हैं। इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई। उनका सफर युवाओं को स्पोर्ट्स में आने के लिए प्रेरणा देगा।" वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, "भाविना पटेल ने भारतीय दल को सिल्वर मेडल जीतकर प्रेरणा दी है। भाविना का मेडल जीतना भारत के लिए बेहद गर्व की बात है। इस शानदार उपलब्धि पर मैं भाविना पटेल को बधाई देता हूं।"

वाइस प्रेसिडेंट वेंकैया नायडू ने भाविना को बधाई देते हुए कहा, "टोक्यो पैरालंपिक्स में महिला टेबल टेनिस में रजत पदक जीतने पर भावना पटेल को हार्दिक बधाई। आपकी सफलता भारतीय दल और देश की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगी। भावी सफलताओं के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।" विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी भाविना पटेल को बधाई देते हुए लिखा, "भाविना पटेल को सिल्वर मेडल जीतने के लिए बधाई।"

चीन की खिलाड़ी ने शुरुआत से ही बनाई बढ़त
चीन की यिंग झोउ ने ने शुरुआत से ही मुकाबले में अपनी पकड़ बनाई रखी। भाविना को पहले गेम में यिंग ने 11-7 से हराया जबकि दूसरे गेम में उन्हें नंबर-1 खिलाड़ी के हाथों 11-5 से हार का सामना करना पड़ा। यिंग ने तीसरे गेम को भी आसानी से 11-6 से अपने नाम कर स्वर्ण पदक हासिल किया।

भारत को टोक्यो पैरालम्पिक में पहला पदक
भाविना ने शुक्रवार को सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही देश के लिए पदक पक्का कर लिया था। उनकी कोशिश स्वर्ण जीतने की थी, हालांकि ऐसा हो नहीं सका। हालांकि पहली बार पैरालम्पिक में शामिल हुईं भाविना के रजत पदक जीतने से भारत ने टोक्यो पैरालम्पिक में अपना पहला पदक हासिल किया। भाविना ने 2017 में बीजिंग में हुए अंतर्राष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ एशियाई पैरा टेटे चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।

Created On :   29 Aug 2021 6:58 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story