आंध्र प्रदेश पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से छह लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

अमरावती, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के डॉ. बीआर. अंबेडकर कोनासीमा जिले में बुधवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से छह कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य घायल हो गए। इस घटना पर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दुख जताया।
पुलिस ने बताया कि रायवरम मंडल के कोमारीपालेम गांव में लक्ष्मी गणपति पटाखा फैक्ट्री में दोपहर में भीषण आग लग गई। पटाखा फैक्ट्री का शेड भीषण विस्फोट के कारण ढह गया। पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया। रासायनिक पदार्थों की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैल रही थी, इसलिए दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आग में फंसकर छह कर्मचारियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को अनापर्थी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य को निजी अस्पतालों में ले जाया गया।
यूनिट में लगभग 15 कर्मचारी थे। अधिकारियों को संदेह है कि कुछ और लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। आग और भीषण विस्फोट से गांव और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस अधिकारी, राजस्व कर्मी और अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर रखी।
अधिकारियों को संदेह है कि यह दुर्घटना यूनिट में सुरक्षा मानकों का पालन न करने के कारण हुई होगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता प्रदान करने की बात कही।
उन्होंने कहा, "कोनसीमा जिले के रायवरम स्थित बाना सांचा मैन्युफैक्चरिंग सेंटर में आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया है। इस दुखद दुर्घटना में कई लोगों की जान जाने से गहरा दुःख हुआ है।"
नायडू ने लिखा, "मैंने अधिकारियों से दुर्घटना के कारणों, वर्तमान स्थिति, राहत कार्यों और चिकित्सा सहायता के बारे में बात की है। मैंने वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल का व्यक्तिगत रूप से दौरा करने और राहत कार्यों में शामिल होने का निर्देश दिया है। मैंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। हम प्रभावित परिवारों के साथ हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Oct 2025 5:38 PM IST