अब 'क्लीन मुंबई' के लिए भिड़ेंगे मुंबईकर, अक्षय कुमार लेकर आए अनोखा कॉम्पिटिशन

मुंबई, 17 मार्च (आईएएनएस)। मायानगरी मुंबई में हर कोई अपनी किस्मत आजमाने के लिए आता है , लेकिन बढ़ती गंदगी और जहरीली हवा ने इस शहर की चमक को अब फीका सा कर दिया है। इसी समस्या को देखते हुए अभिनेता अक्षय कुमार ने नई मुहिम शुरू की है। उन्होंने 'मुंबई क्लीन लीग' की शुरुआत कर दी है। हाल ही में उन्होंने आईएएनएस के साथ खास बातचीत में इसके पीछे का मुख्य कारण बताया।
एक्टर ने बताया कि इस लीग का मुख्य आइडिया इंडियन प्रीमियर लीग से लिया गया है। इसमें एक बहुत ही कमर्शियल स्पोर्ट्स और एंटरटेनमेंट लीग के तत्वों को नागरिक जिम्मेदारियों के साथ मिलाया गया है।
अक्षय कुमार ने कहा, "आईपीएल (इंडियन प्रीमियम लीग) देखकर मेरे मन में इसका विचार आया। इसके बाद मैंने अमित साटम जी से कहा कि क्यों न हम एक 'मुंबई क्लीन लीग' बनाएं? मुंबई में कई तरह के लोग रहते हैं और हर कोई एक अच्छी जिंदगी चाहता है, हालांकि मुंबई में जगह कम है, लेकिन यहां के लोगों के अंदर ऊर्जा बहुत ज्यादा है। यह देश का आर्थिक केंद्र है। हर कोई यहां साफ और प्रदूषण-मुक्त माहौल में खुशी से रहना चाहता है।"
अक्षय कुमार ने आगे स्कूल का उदाहरण देते हुए कहा, "स्कूल में स्पोर्ट्स डे, एलोकेशन डे और मॉनिटर सिस्टम होता था और हर किसी में पहले, दूसरे, तीसरे नंबर पर आने की होड़ लगती थी। उसी तरह यह लीग होगी, जहां पूरा मुंबई हिस्सा लेगा और कॉम्पिटिशन में उतरेगा।"
अभिनेता ने अपनी बातों से समझाया कि इस लीग से उनका मकसद मुंबई जैसे शहर को साफ और स्वच्छ बनाना है, हालांकि लीग की शुरुआत की जानकारी अभी तक नहीं दी गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 5:56 PM IST












