New Delhi News: राष्ट्रपति मुर्मु ने परोसी अक्षय पात्र की 5 अरबवीं थाली, कहा - परिवर्तन और सशक्तीकरण का प्रभावी माध्यम है शिक्षा

राष्ट्रपति मुर्मु ने परोसी अक्षय पात्र की 5 अरबवीं थाली, कहा - परिवर्तन और सशक्तीकरण का प्रभावी माध्यम है शिक्षा
  • 23.5 लाख बच्चों को भोजन उपलब्ध कराना बड़ी बात : प्रधान
  • शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण साधन है जो व्यक्ति के जीवन में अवसरों को निर्धारित करती है

New Delhi News. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि शिक्षा वह अत्यंत महत्वपूर्ण साधन है जो व्यक्ति के जीवन में अवसरों को निर्धारित करती है तथा उसकी सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। शिक्षा परिवर्तन और सशक्तीकरण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सशक्तीकरण और क्षमता-निर्माण की प्रक्रिया तब से ही आकार लेने लगती है, जब बच्चे विद्यालय जाना शुरू करते हैं। मुर्मु ने यह बात मंगलवार को राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित 5 अरबवीं थाली परोसने के उत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कही। ‘सुपोषित और सुशिक्षित भारत से विकसित भारत’ शीर्षक पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह आवश्यक है कि हमारे बच्चे, जो राष्ट्र का भविष्य हैं, उन्हें पौष्टिक भोजन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सहज रूप से उपलब्ध हो। भारत सरकार ने गर्भवती माताओं और बच्चों को पर्याप्त पोषण तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने के उद्देश्य से अनेक महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम प्रारम्भ किए हैं। अक्षय पात्र संस्था ‘समग्र शिक्षा अभियान’ के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, जिसका लक्ष्य वर्ष 2030 तक सभी बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा सुनिश्चित करना है। उत्सव के दौरान राष्ट्रपति ने 5 अरबवीं थाली परोसी। अक्षय पात्र के 25 वर्ष की इस साधना-यात्रा के उत्सव में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अक्षय पात्र के संस्थापक-चेयरमैन और इस्कॉन बेंगलोर के प्रेसिडेंट मधु पंडित दास तथा वाइस चेयरमैन चंचलापति दास प्रमुखता से उपस्थित रहे।

23.5 लाख बच्चों को भोजन उपलब्ध कराना बड़ी बात : प्रधान

धर्मेन्द्र प्रधान ने 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में 78 स्थानों पर स्थित अत्याधुनिक रसोईघरों के माध्यम से 23.5 लाख बच्चों को प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराने के लिए अक्षय पात्र फाउंडेशन की सराहना की। संस्था का लक्ष्य वर्ष 2030 तक प्रतिदिन 30 लाख बच्चों को भोजन उपलब्ध कराना है। मधु पंडित दास ने कहा कि जब हम मानवता की सेवा के 25 वर्ष और 5 अरब भोजन परोसने की उपलब्धि का उत्सव मना रहे हैं, तब हम श्रील प्रभुपाद के उस महान संकल्प को दोहराते हैं कि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। भारत सरकार की प्रमुख योजना पीएम-पोषण के कार्यान्वयन सहयोगी के रूप में अक्षय पात्र देशभर के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों बच्चों को ताजा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध करा रहा है।

Created On :   17 March 2026 6:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story