बांकीपुर में भारी बहुमत से जीतेगा एनडीए, विपक्ष हताश होकर बेबुनियाद आरोप लगा रहा रविशंकर प्रसाद

बांकीपुर में भारी बहुमत से जीतेगा एनडीए, विपक्ष हताश होकर बेबुनियाद आरोप लगा रहा  रविशंकर प्रसाद
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद ने रविवार को दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए को जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है और भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा भारी मतों से विजयी होंगे।

पटना, 26 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद ने रविवार को दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए को जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है और भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा भारी मतों से विजयी होंगे।

उन्होंने विपक्ष पर हताशा में चुनाव आयोग, प्रशासन और जीविका दीदियों को लेकर निराधार आरोप लगाने का भी आरोप लगाया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में रविशंकर प्रसाद ने कहा कि एनडीए पूरी मजबूती से चुनाव मैदान में है। बांकीपुर के हर मोहल्ले और घर-घर में भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह सीट भाजपा के लिए गौरव की सीट है, क्योंकि पांच बार के विधायक रहे नितिन नवीन अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं और पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय दायित्व दिया है। विपक्ष के उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने का पूरा अधिकार है, लेकिन राजनीतिक मर्यादा बनाए रखना भी आवश्यक है।

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने बिना नाम लिए प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले ही चुनाव आयोग, धनबल और प्रशासन पर सवाल उठाना उनकी हताशा को दर्शाता है। ऐसी भाषा पहले भी चुनाव हारने के बाद कुछ विपक्षी नेताओं की ओर से सुनने को मिलती रही है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि जीविका दीदियों पर लगाए गए आरोप बिहार की महिलाओं के सम्मान के खिलाफ हैं। एनडीए विकास और सुशासन के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहा है। अटल पथ, जेपी गंगा पथ, वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार, पटना एयरपोर्ट का नया टर्मिनल, पीएमसीएच के पुनर्निर्माण तथा सड़क एवं पुल परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पटना और बांकीपुर में विकास कार्य जनता के सामने हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास के आधार पर एक बार फिर एनडीए के पक्ष में मतदान करेगी।

इस मौके पर जदयू के मुख्य प्रवक्ता एवं विधान पार्षद नीरज कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से चुनाव प्रचार के दौरान उनकी अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें बिहार की जनता को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने जीविका दीदियों पर की गई टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि यह दलित, अति पिछड़ा और पिछड़ा वर्ग की महिलाओं का अपमान है। साथ ही उन्होंने जन सुराज से जुड़े लोगों पर कुछ वित्तीय अनियमितताओं के आरोप भी लगाए।

भाजपा विधान पार्षद नवल किशोर यादव ने कहा कि बांकीपुर की जनता विकास, शिक्षा और महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर मतदान करेगी तथा विपक्ष के दुष्प्रचार को खारिज कर देगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।

--आईएएनएस

एमएनपी

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 July 2026 4:13 PM IST

Tags

Next Story