बिहार मुजफ्फरपुर पुलिस ने सोना लूटकर गलाने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार

बिहार मुजफ्फरपुर पुलिस ने सोना लूटकर गलाने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सोना लूटकर उसे गलाकर बेचने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस सिलसिले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मुजफ्फरपुर, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सोना लूटकर उसे गलाकर बेचने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस सिलसिले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई के दौरान सात मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और करीब सवा 15 ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया गया है। साथ ही, इस अवैध कारोबार में संलिप्त एक ज्वेलरी दुकान को भी सीज कर दिया गया है। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।

सिटी एसपी ने बताया कि ब्रह्मपुरा थाना पुलिस ने 1 अप्रैल की रात जांच के दौरान चांदनी चौक के पास संदिग्ध हालत में एक मोटरसाइकिल सवार को रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से धारदार चाकू बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले जाकर पूछताछ की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सीतामढ़ी का रहने वाला मोहित कुमार, शेखपुरा ढाब का रहने वाला नवनीत कुमार और कांटी निवासी कुंदन कुमार के रूप में हुई। इन तीनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आगे छापेमारी की कार्रवाई की।

पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित 'जय मां वैष्णो ज्वेलर्स' में छापेमारी की गई, जहां यह गिरोह लूटे गए सोने को गलाकर बेचता था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने सात मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और सवा 15 ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया। इस दौरान एलाईसिंग का काम करने वाले शंभू कुमार को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि दुकान के संचालक कृष्ण कुमार को भी हिरासत में लिया गया। अहियापुर थाना पुलिस ने संबंधित ज्वेलरी दुकान को सील कर दिया है।

इस पूरे अभियान का नेतृत्व नगर एसडीपीओ टू विनीत सिन्हा कर रहे थे, जिसमें अहियापुर थाना के पुलिस पदाधिकारियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार गिरोह के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। ब्रह्मपुरा थाना में कांड संख्या 102/26 और सदर थाना में कांड संख्या 298/26 के तहत इनके खिलाफ केस दर्ज है। यह गिरोह लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने के बाद सोने को पिघलाकर बेच देता था, ताकि उसकी पहचान छिपाई जा सके। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 April 2026 5:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story