Breaking News: आज की बड़ी खबरें 21 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 21 Aug 2025 8:12 PM IST
ऑनलाइन गेमिंग बिल हुआ पास
भारत में पिछले कुछ सालों में ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स और इससे जुड़ी वेबसाइट तेजी से उभरकर सामने आई हैं। इन प्लेटफॉर्म्स पर रोजोना हजारों करोड़ों रुपए का लेनदेन हो रहा है। भारत सरकार ने इन पर लगाम कसने के लिए तैयारी कर ली है, जिसके लिए लोकसभा और राज्यसभा में ऑनलाइन गेमिंग बिल भी पेश किया है। जो दोनों पास हो गया है। इसको लेकर केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश को इस बिल की क्यों जरूरत पड़ी।
- 21 Aug 2025 7:39 PM IST
दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों को दिया अहम संदेश
दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज लोगों को अहम संदेश दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए बताया कि जीवन में बाधाएं आती रहती हैं, लेकिन वह दिल्ली के हितों के लिए संघर्ष करना कभी नहीं छोड़ेंगी। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ मुख्यमंत्री आवास ही नहीं, बल्कि दिल्ली की सभी विधानसभा में जनसुनवाई होगी।
- 21 Aug 2025 7:12 PM IST
ट्रेन में भारी लगेज पर नहीं देना होगा अतिरिक्त किराया
रेलवे में हवाई यात्रियों की तरह एक्स्ट्रा लगेज पर अतिरिक्त भुगतान करने वाली खबर सामने आई थी। इसका केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खंडन किया है। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि दशकों से ऐसा नियम है कि यात्री कितने वजन तक का सामान ले जा सकते हैं, अभी तक इसके लिए कोई नया नियम नहीं बनाया।
- 21 Aug 2025 6:42 PM IST
झारखंड के खूंटी में युवक की हत्या कर नदी में फेंका शव, चार गिरफ्तार
झारखंड के खूंटी जिला अंतर्गत रनिया थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर उसका शव नदी में फेंक दिया गया। शव बरामद होने के चार दिनों बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। खूंटी के एसपी मनीष टोप्पो ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में बताया कि 18 अगस्त को उलिहातु बड़काटोली गांव के पास कारो नदी में एक युवक का शव मिला था। उसकी पहचान जरियागढ़ थाना क्षेत्र के सोटेया गांव निवासी सोनू उरांव (25) के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में माना गया था कि सोनू की मौत नदी में डूबने से हुई। इस संबंध में अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन तहकीकात के दौरान खुलासा हुआ कि यह हत्या का मामला है।
- 21 Aug 2025 6:30 PM IST
महाराष्ट्र राज ठाकरे ने सीएम देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की, नगर नियोजन और ट्रैफिक जाम पर चर्चा हुई
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने गुरुवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके आधिकारिक 'वर्षा' बंगले पर मुलाकात की। राज ठाकरे ने स्पष्ट किया कि इस मुलाकात का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था, बल्कि यह पूरी तरह से नगर नियोजन और ट्रैफिक जाम से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए थी। मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद कहा कि पिछले कुछ महीनों से मेरी कुछ मुद्दों पर मुख्यमंत्री से चर्चा चल रही थी। टाउन प्लानिंग मेरे लिए एक महत्वपूर्ण विषय है, हालांकि मुझे नहीं पता कि मीडिया को इस मुद्दे में कितनी दिलचस्पी होगी।
- 21 Aug 2025 6:20 PM IST
देश में लोकतंत्र समाप्त करने वालों और बचाने वालों के बीच लड़ाई कन्हैया कुमार
कांग्रेस के नेता कन्हैया कुमार ने गुरुवार को कहा कि वोट का अधिकार छिनने का मतलब है कि नौकरी, रोजगार, पेंशन, और जमीन का अधिकार छिनना। इस देश में एक तरफ लोकतंत्र को समाप्त करने वाले लोग हैं, तो दूसरी तरफ लोकतंत्र बचाने वाले लोग हैं, जो संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। लखीसराय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कन्हैया कुमार ने भाजपा की क्रोनोलॉजी समझाते हुए कहा कि पहले इन्होंने ईडी, सीबीआई जैसी संस्थाओं से विधायकों को डराया और धमकाया, उसके बाद इन विधायकों को खरीदकर सरकार बदल दी गई। अब चुनाव आयोग और वोट चोरी की कोशिश की गई। लेकिन, जब यह चोरी पकड़ी गई, तो अब 'मुख्यमंत्री चोरी' करने का प्रयास शुरू किया गया है।
- 21 Aug 2025 6:10 PM IST
फसल हुई खराब तो एक्शन में आए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, एचपीएम केमिकल्स कंपनी का लाइसेंस रद्द
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर गुरुवार को कीटनाशक बनाने वाली कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। राजस्थान की एचपीएम केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड के लाइसेंस को रद्द कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, एचपीएम कंपनी का रजिस्ट्रेशन राजस्थान में था और कंपनी देश के विभिन्न राज्यों में कीटनाशकों की सप्लाई करती थी। किसानों की शिकायतों के बाद राजस्थान सरकार ने जांच शुरू की, जिसमें कंपनी के सैंपल घटिया पाए गए। इसके चलते कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। जांच में यह भी सामने आया कि एचपीएम के कीटनाशकों के इस्तेमाल से मध्य प्रदेश के कई जिलों में सोयाबीन की फसल खराब हुई थी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद विदिशा के एक खेत में खराब फसल का जायजा लिया था।
- 21 Aug 2025 6:01 PM IST
भारत ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल संबंधों पर रोक लगाई
युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने गुरुवार को एक नई नीति जारी की, जिसमें अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों पर भारत के रुख को रेखांकित किया गया। इसके तहत भारतीय टीम को पाकिस्तान में द्विपक्षीय सीरीज खेलने की अनुमति नहीं मिलेगी। इसके साथ ही पाकिस्तानी टीम को भारत में द्विपक्षीय सीरीज खेलने की इजाजत नहीं होगी। हालांकि, मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की ओर से आयोजित बहुपक्षीय टूर्नामेंट्स पर लागू नहीं होता है। मंत्रालय ने अपनी आधिकारिक प्रेस रिलीज में कहा, "पाकिस्तान से जुड़े खेल आयोजनों के प्रति भारत का दृष्टिकोण उस देश के साथ व्यवहार में उसकी समग्र नीति को दर्शाता है। द्विपक्षीय संबंधों के विषय में, नीति में अस्पष्टता की कोई गुंजाइश नहीं है। जहां तक एक-दूसरे के देश में द्विपक्षीय खेल आयोजनों का संबंध है, भारतीय टीमें पाकिस्तान में प्रतियोगिताओं में भाग नहीं लेंगी। न ही हम पाकिस्तानी टीमों को भारत में खेलने की अनुमति देंगे।"
- 21 Aug 2025 5:45 PM IST
संसद में सरकार के काम में बाधा डालना और रोकना अलोकतांत्रिक किरेन रिजिजू
संसद के मानसून सत्र का अंतिम दिन था। इस बार मानसून सत्र हंगामे की भेंट चढ़ गया। इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष होना चाहिए। विरोध करना या असहमति जताना अपनी बात कहने का लोकतांत्रिक तरीका है, लेकिन संसद में सरकार के काम में बाधा डालना और उसे रोकना अलोकतांत्रिक है। किरेन रिजिजू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सरकार की दृष्टि से देश के लिए बहुत उपयोगी सत्र रहा है, लेकिन विपक्ष के सांसदों को, खासकर नए सांसदों को, सदन में बोलने का मौका नहीं मिला। सत्र के दौरान सांसद अपने लोकसभा क्षेत्र की बात रखते हैं, लेकिन विपक्ष के कई सांसदों को बोलने का मौका नहीं मिला, उसके लिए विपक्ष के नेता जिम्मेदार हैं। एनडीए और कुछ दल, जिन्होंने सत्र में भाग लिया, उन्हें धन्यवाद।
- 21 Aug 2025 5:40 PM IST
प्रियंका गांधी ने जेपी नड्डा से की मुलाकात, स्वास्थ्य सेवाओं पर हुई चर्चा
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा की। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की और उनसे वायनाड में कुछ स्वास्थ्य परियोजनाओं में तेजी लाने का अनुरोध किया और उन्हें मनंतवडी में मेडिकल कॉलेज के अभाव में स्थानीय लोगों को हो रही गंभीर कठिनाइयों से अवगत कराया, जो अभी तक चालू नहीं हुआ है।
Created On :   21 Aug 2025 7:47 AM IST












