Breaking News: आज की बड़ी खबरें 23 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 23 July 2025 10:10 AM IST
सेंसेक्स में 243 अंकों की तेजी
सकारात्मक वैश्विक संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के तीसरे दिन (23 जुलाई 2025, बुधवार) बढ़त के साथ खुला। इस दौरान बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 243.03 अंक यानि कि 0.30 प्रतिशत बढ़कर 82,429.84 के स्तर पर खुला।
- 23 July 2025 9:55 AM IST
सावन शिवरात्रि पर शिवालयों में भक्तों का समागम, 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंजे मंदिर
सावन शिवरात्रि पर बुधवार को शिवालयों में बड़ी संख्या में भक्तों का समागम हुआ है। देशभर के अलग-अलग प्रसिद्ध मंदिरों में भक्तों का तांता लगा है। सावन महीने में पड़ने वाली शिवरात्रि पर बाबा को जल अर्पित करने का विशेष महत्व माना जाता है। इस वजह से बड़ी संख्या में शिवभक्त मंदिरों में जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना के लिए पहुंच र
हैं।
- 23 July 2025 9:41 AM IST
कल्याण निजी क्लीनिक की महिला रिसेप्शनिस्ट से मारपीट का मुख्य आरोपी गोकुल झा गिरफ्तार
महाराष्ट्र के कल्याण में निजी क्लीनिक की महिला कर्मचारी से मारपीट मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। कल्याण पुलिस ने मुख्य आरोपी गोकुल झा को पकड़ा है। यह कार्रवाई सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई, जिसमें आरोपी को महिला कर्मचारी से मारपीट करते हुए देखा गया था। मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है।
- 23 July 2025 9:32 AM IST
पेड्रो पास्कल को पसंद नहीं था ‘वंडर वुमन 1984’ में क्लीन शेव लुक, बोले- दोबारा फिल्म नहीं देखी
हॉलीवुड स्टार पेड्रो पास्कल ने साल 2020 में रिलीज हुई अपनी फिल्म ‘वंडर वुमन 1984’ से जुड़ा किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि फिल्म में अपने क्लीन शेव लुक को देखकर वह बेहद नाखुश थे। यहां तक कि उन्होंने दोबारा यह फिल्म भी नहीं देखी।
- 23 July 2025 9:21 AM IST
अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं का तांता, 20 दिन में 3.31 लाख भक्तों ने किए दर्शन
अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले भक्तों की संख्या 20 दिनों में 3.31 लाख का आंकड़ा पार कर गई है। बुधवार को भी बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि 3 जुलाई को अमरनाथ यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 20 दिन में 3.31 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।
- 23 July 2025 9:20 AM IST
इंग्लैंड के खिलाफ 2-1 से जीती वनडे सीरीज, भारत की बेटियों ने बना दिया अनूठा रिकॉर्ड
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 2-1 से वनडे सीरीज जीतते हुए इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया ने चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेले गए तीसरे वनडे मैच को 13 रन से अपने नाम किया। ऐसा पहली बार है, जब भारत की महिला टीम ने इंग्लैंड के एक ही दौरे पर सीमित ओवरों की दोनों सीरीज जीतीं। वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम ने इंग्लैंड के विरुद्ध पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज 3-2 से अपने नाम की थी।
- 23 July 2025 9:14 AM IST
संसद के मानसून सत्र का तीसरा दिन आज, ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा का समय 9 घंटे बढ़ा
संसद के मानसून सत्र का बुधवार को तीसरा दिन है। लोकसभा और राज्यसभा में कार्यवाही फिर से शुरू होगी, लेकिन राजनीतिक तनाव के कारण हंगामे की आशंका बनी हुई है। राज्यसभा में बुधवार दोपहर 12:30 बजे बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (बीएसी) की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसके अलावा, ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के लिए समय को नौ घंटे तक बढ़ाया गया है। यह चर्चा कई विवादास्पद मुद्दों के बीच सदन का मुख्य केंद्र बनी रहेगी।
- 23 July 2025 9:03 AM IST
गाजा युद्ध में पूरी जीत जरूरी इजरायली रक्षा मंत्री
इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा है कि गाजा में चल रहे युद्ध में पूरी तरह से जीत हासिल करना जरूरी है। मंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, काट्ज ने मंगलवार को इजरायली सेना प्रमुख इयाल ज़मीर और अन्य वरिष्ठ कमांडरों के साथ हालात की समीक्षा के दौरान यह बात कही।
- 23 July 2025 8:34 AM IST
न्नत लड़ाकू हेलीकॉप्टर अपाचे से भारतीय वायुसेना की ताकत में होगा इजाफा- पीके सहगल
भारतीय वायुसेना ने अपने बेड़े में अपाचे हेलीकॉप्टर को शामिल कर एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सेवानिवृत्त मेजर जनरल और रक्षा विशेषज्ञ पीके सहगल के अनुसार, बोइंग अपाचे दुनिया का सबसे उन्नत और सक्षम अटैक हेलीकॉप्टर है, जिसने हर युद्ध में अपनी उत्कृष्टता साबित की है।
- 23 July 2025 8:23 AM IST
जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में अवैध निर्माण को लेकर ईडी की बड़ी कार्रवाई
धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) 2002 के प्रावधानों के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) देहरादून ने जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में अवैध निर्माण मामले में अभियोजन शिकायत (पीसी) दायर की। यह अभियोजन शिकायत विशेष न्यायालय (पीएमएलए), देहरादून के समक्ष दायर की गई है।
Created On :   23 July 2025 8:00 AM IST