'चटोरी बहू-2' के साथ टीवी पर दस्तक देने को तैयार अंजना सिंह, जानें कब और कहां देखें
मुंबई, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अंजना सिंह प्रशंसकों के लिए फिल्म 'चटोरी बहू-2' लेकर आ रही हैं। गुरुवार को मेकर्स ने फिल्म के वर्ल्ड टेलीवीजन प्रीमियर की आधिकारिक जानकारी दी।
मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने फिल्म के प्रसारण की तारीख और समय के बारे भी बताया। पोस्टर में फिल्म और किरदारों की झलक देखने को मिलती है।
मेकर्स ने लिखा, "वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर में देखिए भोजपुरी फिल्म 'चटोरी बहू-2'। यह फिल्म 25 अप्रैल, शनिवार को शाम 6.30 बजे और 26 अप्रैल, रविवार सुबह 9.30 बजे बी4यू भोजपुरी चैनल पर प्रसारित होगी।"
इश्तियाक शेख बंटी द्वारा निर्देशित फिल्म 'चटोरी बहू-2' का निर्माण संदीप सिंह ने किया है, जबकि लेखन का कार्य अरविंद तिवारी का है। फिल्म में अंजना सिंह के अलावा प्रशांत सिंह, लाडो मधेसिया, ज्योति मिश्रा, सोनाली मिश्रा, अमर कुश, अमित शुक्ला, रूपा सिंह, प्रकाश जैस, सी.पी भट्ट, और सपना यादव शामिल हैं।
फिल्म में घर की रसोई से शुरू हुई पाक कला के जरिए अंजना पूरे जिले में पहचान बनाती हैं। हालांकि, अभिनेत्री के लिए यह सफर आसान नहीं होता। 'चटोरी बहू-2' में अंजना ने एक ऐसी महिला का किरदार निभाया है, जो घर के कामों और खाना बनाने में निपुण होती है, जो स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर पूरे घर का ध्यान रखती है, लेकिन जब बात प्राइवेट स्कूल में बेटी के एडमिशन की आती है, तो पूरा परिवार पीछे हट जाता है, क्योंकि फीस बहुत ज्यादा है। ये बात अंजना को बहुत बुरी लगती है और वो अपने हुनर के दम पर पैसे जमा कर अपनी बच्ची का दाखिला अच्छे स्कूल में कराने की सोचती है।
यह पारिवारिक ड्रामा फिल्म भोजपुरी दर्शकों को घरेलू रिश्तों, भावनाओं और मनोरंजन भी देगी। यह फिल्म साल 2024 में प्रसारित 'चटोरी बहू' का सीक्वल है। लोकप्रिय भोजपुरी पारिवारिक ड्रामा फिल्म 'चटोरी बहू' में स्मृति सिन्हा ने बहू का किरदार निभाया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 April 2026 6:25 PM IST












