सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर कपड़ों में छिपाया 260 ग्राम सोने जैसा पाउडर जब्त
बेंगलुरु, 21 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया है। सतर्क निगरानी और बारीकी से की गई सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने दो यात्रियों के कपड़ों में छिपाकर रखा गया लगभग 260 ग्राम सोने जैसा मेटल पाउडर बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक, ये दोनों यात्री बैंकॉक से बेंगलुरु आए थे और उन्हें आगे अहमदाबाद जाना था। स्क्रीनिंग के दौरान सीआईएसएफ जवानों को उनके व्यवहार पर शक हुआ। शक के आधार पर दोनों यात्रियों को आगे की जांच के लिए रोका गया।
जब जवानों ने बारीकी से तलाशी ली तो उनकी पैंट की कमर वाली जगह पर दो पैकेट छिपे हुए मिले। इन पैकेटों में सोने जैसा दिखने वाला मेटल पाउडर भरा हुआ था। वजन करने पर इसकी मात्रा करीब 260 ग्राम पाई गई। आशंका है कि यह सोने का पाउडर है जिसे तस्करी के इरादे से कपड़ों में सिलकर छिपाया गया था।
इसके तुरंत बाद सीआईएसएफ ने दोनों यात्रियों और बरामद सामान को आगे की जरूरी कानूनी कार्रवाई के लिए केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पुलिस को सौंप दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सीआईएसएफ ने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आईजीआई) पर एक बड़ी कार्रवाई की थी। वहां जवानों ने व्यवहार को देखकर और सीसीटीवी फुटेज की जांच करके दो यात्रियों के पास से 68,53,500 रुपये का कैश पकड़ा था।
दिल्ली वाले मामले में सीआईएसएफ जवानों को एक यात्री पर शक हुआ था। बारीकी से जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर उसके साथ यात्रा कर रहे दूसरे साथी की भी पहचान हुई। दोनों यात्री गुवाहाटी के रास्ते अगरतला जा रहे थे। उनके सामान की तलाशी लेने पर कुल 68.53 लाख रुपये नकद बरामद हुए थे।
उस मामले में पकड़े गए कैश, सामान और यात्रा से जुड़े कागजात के साथ दोनों यात्रियों को इनकम टैक्स अधिकारियों को सौंप दिया गया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Aug 2026 11:54 AM IST












