- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- CMO ने टर्मिनेट करने कहा, आयुक्त ने...
शहडोल न्यूज: CMO ने टर्मिनेट करने कहा, आयुक्त ने की भुगतान की तैयारी
कचरे के पहाड़ की यह तस्वीर गुरूवार दोपहर 3.47 बजे की है। यहां कचरे के वैज्ञानिक निपटान के लिए मशीन नहीं है। बल्कि पोकलेन मशीन के सहारे कचरे को किनारे किया जा रहा है। 2 मई को गुपचुप तरीके से जेसीबी मशीन रखकर जियो टैगिंग कराने पर तत्कॉलीन सीएमओ आशा भंडारी कार्रवाई के लिए पत्र लिख चुकी हैं।
डिजिटल डेस्क शहडोल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत मिशन में गड़बड़ी करने वाले ठेकेदार पर कार्रवाई के बजाय बैकडोर से भुगतान की तैयारी का मामला सामने आया है। शहडोल नगर पालिका द्वारा जमुआ स्थित लीगेसी वेस्ट डंपसाइट (पुराने कचरे के पहाड़ों) का बायोरेमेडिएशन यानी वैज्ञानिक निपटान के लिए 1.43 करोड़ का वर्कआर्डर 11 मार्च 2025 को सतना के मेसर्स मिश्रा ट्रेडर्स को दिया तो इस काम को 4 माह में यानी 11 जुलाई 2025 तक पूरा कर लेना था। ठेकेदार ने तय अवधि में काम नहीं किया। इस लापरवाही पर 26 नवंबर 2025 से 20 फरवरी 2026 के बीच 3 बार नोटिस जारी करने के बाद कचरे के वैज्ञानिक निपटान को लेकर ठेकेदार ने काम नहीं किया। तब शहडोल नगर पालिका के तत्कॉलीन सीएमओ आशा भंडारी ने 29 अप्रैल को नगरीय प्रशासन विभाग भोपाल के आयुक्त को पत्र लिखकर ठेकेदार को टर्मिनेट करने कहा। बड़ी बात यह है कि सीएमओ के पत्र पर ठेकेदार पर टर्मिनेशन कार्रवाई के बजाय आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास भोपाल संकेत भोंडवे ने 19 अगस्त को सीएमओ नगर पालिका शहडोल के नाम जारी पत्र की कंडिका 5 में यह कहकर भुगतान का रास्ता खोल दिया है कि भुगतान शासन व मिशन के अंतर्गत उपलब्ध स्वीकृत मद एवं उपलब्ध राशि की सीमा में तथा प्रचलित वित्तीय नियमों एवं निविदा व अनुबंध शर्तों का पालन करते हुए किया जाए। इस पर सीएमओ शहडोल निशांत सिंह ठाकुर अब ठेकेदार की टाइम लिमिट बढ़ाने के साथ ही काम के एवज में राशि भुगतान की बात कह रहे हैं।
Created On :   21 Aug 2026 4:50 PM IST
Next Story













