शहडोल न्यूज: कंचनपुर शिक्षा परिसर से 11 किलोमीटर पैदल बारिश में भींगते 28 छात्राएं कलेक्ट्रेट पहुंची, कहा- खाने में मिलते हैं कीड़े

कलेक्टर से मिलने के बाद सभी छात्राओं को बस से वापस हॉस्टल छोडऩे की व्यवस्था की गई।
डिजिटल डेस्क शहडोल कंचनपुर शिक्षा परिसर से 28 छात्राएं बुधवार सुबह 10 बजे निकलीं और पैदल चलते हुए 11 किलोमीटर की दूरी तय कर सुबह 11.30 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचीं। कलेक्टर पार्थ जायसवाल तक सूचना पहुंचते ही उन्होंने सभी छात्राओं को चेंबर में बुलवाया और एक-एक छात्रा से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानी। छात्राओं ने शिक्षा परिसर को लेकर तमाम समस्याएं गिनाई। कहा खाने में कीड़े मिलते हैं, नाश्ता कामचलाऊ होता है और अन्य ऐसी कई समस्याएं हैं जो नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने छात्राओं की पूरी बात सुनकर उन्हे एक कागज में लिखकर देने कहा और एसडीएम सोहागपुर अमृता गर्ग के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी अतुल चौधरी और तहसीलदार सहित तीन सदस्यीय टीम गठित कर तीन दिन में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। छात्राओं की समस्या पर अधीक्षिका ममता सिंह ने कहा कि उन्हे हॉस्टल का प्रभार संभाले 6 महीने ही हुआ है और जब से प्रभार संभाला है तब से व्यवस्थाएं ठीक करने पूरी कोशिश की जा रही है। यह बात शायद पूर्व अधीक्षिका को रास नहीं आ रही है। छात्रों ने किसके बहकावे में आकर शिकायत का यह कदम उठाया है यह भी जांच का विषय है। कंचनपुर शिक्षा परिसर में 490 छात्राएं हैं फिर इन 28 को ही परेशानी क्यों हुई। खासबात यह है कि बुधवार सुबह छात्राओं द्वारा कलेक्टर को समस्या बताने के लिए कंचनपुर शिक्षा परिसर से पैदल निकलने की जानकारी जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त आनंद राय सिन्हा तक पहुंची तो वे रास्ते में ही समस्या सुनकर दूर करने का प्रयास किए पर छात्राएं उन्हे समस्या बताने के लिए राजी नहीं हुईं। छात्राएं इस बात पर अड़ी रहीं कि वे कलेक्टर से मिलकर ही समस्याएं बताएंगीं। इस दौरान सहायक आयुक्त भी छात्राओं के साथ कई किलोमीटर पैदल चले। छात्राओं के पैदल कलेक्टर कार्यालय की सूचना मिलने पर प्रशासन से सडक़ पर सुरक्षा के लिए पुलिस की ड्यूटी लगाई। कलेक्टर से मिलने के बाद सभी छात्राओं को बस से वापस हॉस्टल छोडऩे की व्यवस्था की गई।

Created On :   20 Aug 2026 4:08 PM IST

Tags

Next Story