शहडोल न्यूज: शहडोल : प्रस्तावित हवाई अड्डा में रनवे की लंबाई होगी 3300 मीटर

शहडोल : प्रस्तावित हवाई अड्डा में रनवे की लंबाई होगी 3300 मीटर
एएआई दिल्ली के अधिकारियों ने बुधवार को दैनिक भास्कर को बताया कि इस बारे में आगे की प्रक्रिया विमानन विभाग भोपाल से की जा रही है
डिजिटल डेस्क शहडोल संभाग मुख्यालय शहडोल में एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया एक बार फिर तेज हो गई है। विमानन विभाग भोपाल द्वारा शहडोल जिला प्रशासन से लालपुर में प्रस्तावित एयरपोर्ट (हवाई अड्डा) में रनवे की लंबाई बढ़ाकर आगामी 50 साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर नए सिरे से प्रस्ताव मांगा है। इसमें यह भी कहा गया है कि भोपाल एयरपोर्ट में रनवे की लंबाई का अध्ययन कर उसी अनुसार प्रपोजल तैयार किया जाए। इस पर सोहागपुर एसडीएम अमृता गर्ग ने प्रपोजल तैयार कर जिला प्रशासन को भेजा है, वहां से भोपाल भेजा जाएगा। भोपाल में रनवे की लंबाई 3300 मीटर से अधिक है। नए प्रपोजल में रनवे की चौड़ाई 300 मीटर प्रस्तावित है। बतादें कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान भाजपा द्वारा जारी मध्यप्रदेश संकल्प पत्र में शहडोल, सिंगरौली व रीवा में हवाई अड्डा एयरपोर्ट का निर्माण मोदी की गारंटी में शामिल किया गया है। इसमें रीवा में एयरपोर्ट चालू हो गया, सिंगरौली में तेजी से काम चल रहा है। अब शहडोल में निर्माण प्रारंभ होने का इंतजार है। उल्लेखनीय है कि शहडोल जिला प्रशासन द्वारा एयरपोर्ट निर्माण को लेकर प्रस्तावित स्थल ग्राम लालपुर का निरीक्षण एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया (एएआई) की टीम ने 9 अप्रैल को किया था। इस निरीक्षण के बाद रनवे की लंबाई लगभग 1800 मीटर के अनुसार भूमि अधिग्रहण और अन्य प्रस्ताव तैयार किया गया था। एएआई दिल्ली के अधिकारियों ने बुधवार को दैनिक भास्कर को बताया कि इस बारे में आगे की प्रक्रिया विमानन विभाग भोपाल से की जा रही है। इधर, विमानन विभाग द्वारा अब नए सिरे से प्रपोजल मांगने के बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि निर्माण के अगले चरण की प्रक्रिया में तेजी आएगी।

Created On :   20 Aug 2026 4:22 PM IST

Tags

Next Story