सीएम नीतीश कुमार को राज्यसभा जाने की कोई इच्छा नहीं, जबरदस्ती भेजा जा रहा है तेजस्वी यादव
पटना, 24 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को जदयू के फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। इधर, विधानसभा में विपक्ष के नेता और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने स्पष्ट तौर पर कहा कि मुख्यमंत्री की कोई इच्छा नहीं है कि वे राज्यसभा जाएं; उन्हें जबरन राज्यसभा भेजा जा रहा है।
तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा जदयू को खत्म करना चाह रही है। यह हम शुरू से कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं, लेकिन उनकी नहीं चलती है। उनके चेहरे को आगे करके जदयू में तीन-चार लोग हैं; वही निर्णय लेते हैं। इन लोगों का भाजपा से जदयू को समाप्त करने को लेकर समझौता हो चुका है, और वे सब इसी काम में लगे हैं।
तेजस्वी यादव ने आगे पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर कहा कि सरकार ही पहले से अलर्ट नहीं रही है। अगर सरकार अलर्ट रहती, तो व्यवस्था बनी रहती। यह सरकार जब से आई है, तब से आम नागरिकों को और गरीबों को कष्ट ही झेलना पड़ा है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के समय, कोरोना के समय या अब जब गैस की किल्लत हो रही है, लोगों को ही परेशानी झेलनी पड़ रही है। मतलब सरकार पूरी तरह से विफल हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार का काम जनता को दुख-दर्द न हो, उसकी पूरी व्यवस्था करने की होती है। अगर कमी हो रही है, तो इसका मतलब है कि सरकार हाथ खड़ा कर रही। यानी सरकार फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि देश में यह कोई पहली बार नहीं हो रहा है। नोटबंदी का भी कोई लाभ नहीं हुआ। कोरोना के दौरान भी सरकार ने व्यवस्था नहीं की थी। लोग पैदल अपने प्रदेश लौटे, लेकिन सरकार ने कभी गलती मानी? दरअसल, सरकार कोई निर्णय नहीं ले पा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 March 2026 8:31 PM IST












