सीएम योगी का बांदा दौरा, 710 करोड़ रुपए से अधिक की 229 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
बांदा, 9 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को बुंदेलखंड के बांदा जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह सदर और बबेरू विधानसभा क्षेत्रों में 710 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए कहा कि परिश्रम, पराक्रम और प्रगति की पहचान बुंदेलखंड की वीरभूमि बांदा से जनकल्याण और विकास की यात्रा को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने बताया कि बांदा और बबेरू विधानसभा क्षेत्रों में 710 करोड़ रुपए से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति-पत्र, स्वीकृति-पत्र, चेक, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां तथा स्वरोजगार से जुड़े लाभार्थियों को टूल किट भी वितरित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मजबूत आधारभूत संरचना, सशक्त नागरिक और अंत्योदय के संकल्प के साथ बुंदेलखंड निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
सीएम योगी सदर और बबेरू दोनों विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, पुल, आधारभूत संरचना और अन्य विकास परियोजनाओं को जनता को समर्पित करेंगे। सदर विधानसभा क्षेत्र में 171.10 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हुए 45 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। इनमें शहर की सड़कों और पुलों के चौड़ीकरण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा 425.52 करोड़ रुपए की लागत वाले 85 नए विकास कार्यों का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री करेंगे।
वहीं बबेरू विधानसभा क्षेत्र में 62.54 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 64 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा। साथ ही 47.85 करोड़ रुपए की लागत वाले 80 विकास कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा। इस प्रकार सदर और बबेरू विधानसभा क्षेत्रों में कुल 229 परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती के साथ यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 July 2026 10:13 AM IST












