एकनाथ शिंदे और भाजपा मिलकर 'ऑपरेशन टाइगर' चला रहे हैं किशोरी पेडनेकर
मुंबई, 19 जून (आईएएनएस)। 'ऑपरेशन टाइगर' को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाजी जारी है। शिवसेना (यूबीटी) नेता किशोरी पेडनेकर ने दावा किया कि सिर्फ एकनाथ शिंदे ही 'ऑपरेशन टाइगर' के पीछे नहीं हैं, बल्कि भाजपा के सहयोग से लोकशाही को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।
छह सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट वाली शिवसेना में शामिल होने और फंड बंटवारे व राजनीतिक बदलावों से जुड़े आरोपों पर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि पूरे देश में राजनीतिक नियमों और नैतिकता का पतन हुआ है। आज ओमराजे निंबालकर, जिनके नाम में ही 'राजे' है और जिन्होंने एक सच्चे 'राजे' की तरह ही काम किया है। उन्होंने कहा है कि फंड जारी नहीं किए जा रहे हैं। जनता द्वारा चुने गए लोगों का अपमान किया जा रहा है और फंड रोककर जनता के साथ अन्याय किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राशि रोकने का मतलब है, लोगों की आवाज दबाना और फिर बाद में उन्हें अपनी तरफ लाना। यह कैसी राजनीति है, क्या यह नैतिकता है।
उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने जो कहा, उसे मैं अभी दोहरा नहीं सकती। लोग बस फंड के लिए पाला बदल रहे हैं और फंड से मेरा मतलब पैसे से है।
शिवसेना के 60 साल होने पर किशोरी पेडनेकर ने कहा एकनाथ शिंदे के गुट वाली शिवसेना के बारे में सब जानते हैं, जिसे सोशल मीडिया पर गद्दार कहा जा रहा है। उन्होंने धोखा दिया। उन्हें 5 साल हो गए अलग हुए। लेकिन, जो वर्षों काम कर रहे हैं, वे हैं उद्धव बालासाहेब ठाकरे, जो कि सभी को आगे बढ़ाएंगे। अभी हम उनके साथ हैं।
बेस्ट कर्मचारियों की हड़ताल पर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि बेस्ट कर्मचारी हड़ताल पर हैं। जब चार-छह महीने पहले बेस्ट का चुनाव हुआ था, तो भाजपा नेता घर-घर गए थे और उन्होंने कुछ वादे किए और सपने दिखाए थे। उन वादों पर भरोसा करके लोगों ने उन्हें वोट दिया था। अब उन्हें पछतावा हो रहा है और वे निराश महसूस कर रहे हैं और आज कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। मुझे नहीं लगता है कि उनकी मांगों को पूरा किया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Jun 2026 9:50 PM IST











