गठबंधन पर जल्द फैसला हो, ताकि संगठन को मिले काम करने का समय अजय राय
नई दिल्ली, 23 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। हालांकि, उन्होंने गठबंधन को लेकर जल्द निर्णय लिए जाने की जरूरत बताई, ताकि पार्टी के पास आगे की रणनीति पर काम करने और संगठन को मजबूत करने के लिए पर्याप्त समय हो।
यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "गठबंधन को लेकर जो भी बातचीत चल रही है, उस पर राष्ट्रीय नेतृत्व ही फैसला करेगा। पार्टी को चुनावी तैयारियों और जनता के बीच सक्रिय रूप से काम करने के लिए समय चाहिए।"
अजय राय ने अपने पिछले कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें पहले भी लंबे समय तक संगठन के बीच काम करने का अवसर मिला था और इस दौरान पार्टी ने जमीनी स्तर पर मेहनत की। लोगों के बीच जाने, उनसे जुड़ने और कांग्रेस की बात रखने के लिए समय की आवश्यकता होती है।
उन्होंने संकेत दिया कि गठबंधन को लेकर निर्णय में देरी होने से संगठनात्मक तैयारियों के लिए उपलब्ध समय प्रभावित हो सकता है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राय ने पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत की है। जहां भी अत्याचार, अन्याय, घटनाएं या दुर्घटनाएं हुईं, पार्टी के कार्यकर्ता जमीन पर मौजूद रहे और लोगों के साथ खड़े रहे।
राय ने कहा कि पार्टी की इस सक्रियता के चलते अलग-अलग राजनीतिक दलों के कई लोग कांग्रेस से जुड़े हैं। इनमें पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और आजाद पार्टी के सदस्य भी शामिल हैं।
समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन की गठबंधन को लेकर टिप्पणी पर भी राय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इकरा हसन सांसद हैं और उन्होंने अपनी राय रखी है। आगे क्या होगा, यह समय बताएगा।
उन्होंने कहा कि फिलहाल कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार मेहनत कर रहे हैं और संगठन को मजबूत बनाने में जुटे हैं। राय ने दावा किया कि कांग्रेस आज हर जगह दिखाई दे रही है और विभिन्न मुद्दों पर संघर्ष कर रही है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा था कि अखिलेश यादव कितने सक्रिय दिखते हैं, यह मायने नहीं रखता। अगर गठबंधन होना है, तो उसे फाइनल किया जाना चाहिए। वरना, हम अपनी तैयारी खुद करेंगे। राजनीतिक माहौल न सिर्फ यहां, बल्कि पूरे देश में ऐसा है कि कांग्रेस के बिना आगे नहीं बढ़ा जा सकता है। कांग्रेस जरूरी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 Sept 2026 6:51 PM IST












