बेटी रिवा के बर्थडे पर रवि किशन का खास पोस्ट, कहा- मुझे तुम पर गर्व है
मुंबई, 4 जुलाई (आईएएनएस) अभिनेता-राजनेता रवि किशन ने 4 जुलाई को अपनी बेटी रिवा किशन को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए अपने युवा दिनों की एक दुर्लभ तस्वीर शेयर की, जिसमें वे अपनी पत्नी और बेटी के साथ नजर आ रहे हैं।
रवि ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर एक पुरानी फैमली फोटो पोस्ट की, जिसमें वह, उनकी पत्नी प्रीति किशन शुक्ला और उनकी बेटी रिवा नजर आ रही हैं। तस्वीर में युवा रवि अपनी पत्नी के बगल में मुस्कुराते हुए पोज देते नजर आ रहे हैं, जिनकी गोद में बच्ची रिवा है।
इस खास पल की फोटो को शेयर करते हुए रवि ने लिखा, "जन्मदिन मुबारक हो रिवा। महादेव आपको आशीर्वाद दें, आपका मार्गदर्शन करें और आपकी रक्षा करें। मुझे आप पर गर्व है। मेरी स्टार, चमकती रहो।"
रवि को हाल ही में कुणाल खेमू द्वारा होस्ट किए जाने वाले रियलिटी गेम शो 'एलायंस' में रिव्वा के साथ देखा गया था। अभिनेता केवल एक सप्ताह के लिए शो में दिखाई दिए, लेकिन मनोरंजन उद्योग में अपने लगभग चार दशक लंबे सफर के बारे में खुलकर बात करके उन्होंने प्रतियोगियों को प्रेरित किया।
शो में प्रतियोगियों के साथ बातचीत के दौरान रवि किशन ने अपने कठिन समय, संघर्ष और धैर्य से भरी यात्रा को याद करते हुए बताया था कि 1990 के दशक में स्टार बनने वाले अभिनेताओं द्वारा अक्सर उनका मजाक उड़ाया जाता था और उन्हें नजरअंदाज किया जाता था।
रियलिटी शो 'एलायंस' में साथी प्रतियोगियों से बात करते हुए, रवि ने युवा प्रतियोगियों के साथ दिल से बातचीत की।
रवि ने बताया, "मेरी जिंदगी में मुझे ऐसे कई लोग मिले हैं जो पहले मेरा मजाक उड़ाते थे। वे 90 के दशक में सितारे बन रहे थे और मैं उन्हें आगे बढ़ते हुए देख सकता था।"
उन्होंने आगे कहा, "मेरी आवाज अच्छी थी। मुझे घुड़सवारी, अभिनय, उर्दू, हिंदी, सब कुछ आता था। मैंने थिएटर किया था और नृत्य भी सीखा था। मैं पूरी तरह से तैयार था। इसके बावजूद, मैं पीछे रह गया जबकि बाकी सब आगे बढ़ गए। मैं खुद से कहता रहा कि अगर उनका समय आ गया है, तो मेरा भी आएगा। लेकिन मुझे कभी नहीं पता था कि मेरा समय 34 साल बाद आएगा।"
रवि ने आगे कहा, "उस साल मैंने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के सारे पुरस्कार जीते। मैं उन मंचों पर खड़ा हुआ जहां मुझे पहले कभी आमंत्रित नहीं किया गया था। लोग मुझे कभी आमंत्रित नहीं करते थे। सब मेरा मजाक उड़ाते थे। किसी को विश्वास नहीं था कि मैं कुछ कर सकता हूं, लेकिन आज मैं यहां हूं।"
रवि किशन की धैर्य, दृढ़ संकल्प और लगन से भरी यात्रा को सुनकर, प्रतियोगियों को प्रेरणा मिली।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 July 2026 9:04 AM IST












