पंजाब पुलिस की कार्रवाई, बाइकों के 150 मॉडिफाइड साइलेंसर किए गए नष्ट
लुधियाना, 4 जुलाई, (आईएएनएस)। पंजाब के लुधियाना जिले में ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने बाइकों के मॉडिफाइड साइलेंसर को जब्त कर नष्ट कर दिया।
लुधियाना की खन्ना पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ अभियान चलाया था। इसके तहत मोटरसाइकिलों के 150 मॉडिफाइड साइलेंसर को जब्त किया गया और फिर रोड रोलर से नष्ट कर दिए गए।
खन्ना पुलिस ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि खन्ना ट्रैफिक विंग की बड़ी कार्रवाई। खन्ना ट्रैफिक विंग ने पिछले एक हफ्ते में जब्त की गई मोटरसाइकिलों के 150 मॉडिफाइड साइलेंसर को रोड रोलर से कुचलकर नष्ट कर दिया, ताकि उन्हें दोबारा न लगाया जा सके।
यह कार्रवाई अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर पर रोक लगाने और सड़कों पर शांति व सुरक्षा सुनिश्चित करने के अभियान के तहत की गई है। आइए, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
इससे पहले अमृतसर पुलिस को बुधवार को बड़ी कामयाबी मिली। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "पुलिस ने सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 7 आधुनिक पिस्तौल और 40 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।"
डीजीपी ने लिखा, "शुरुआती जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे और आपराधिक तत्वों को सप्लाई करने के लिए सीमा पार के रास्तों से अवैध हथियारों की खेप मंगवा रहे थे।"
उन्होंने लिखा कि सुल्तानविंड पुलिस स्टेशन, अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अवैध हथियारों की सप्लाई चेन में शामिल अन्य साथियों की पहचान करने और इस नेटवर्क की आगे-पीछे की कड़ियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। डीजीपी ने आगे लिखा, "पंजाब पुलिस अवैध हथियारों की तस्करी, संगठित अपराध और सीमा पार के आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ 'जीरो-टॉलरेंस' नीति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 July 2026 9:04 AM IST












