वरुण गांधी ने परिवार के साथ पीएम मोदी से की मुलाकात, बताया राष्ट्र का 'सच्चा संरक्षक'
नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा नेता वरुण गांधी ने अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात को उन्होंने बेहद खास बताते हुए कहा कि यह उनके लिए 'सौभाग्य' की बात है और इससे उनका यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि प्रधानमंत्री देश और जनता के सच्चे 'संरक्षक' हैं।
मुलाकात के बाद वरुण गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा, "मुझे अपने परिवार के साथ आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने और उनका आशीर्वाद व मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।"
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व और नेतृत्व की भी सराहना की। वरुण गांधी ने कहा, "आपके आभामंडल में पिता समान स्नेह और संरक्षण का भाव है। आपसे हुई भेंट इस विश्वास को और भी दृढ़ बना देती है कि आप देश और देशवासियों के सच्चे अभिभावक हैं।"
वरुण गांधी देश के चर्चित नेहरू-गांधी परिवार से संबंध रखते हैं। वह मेनका गांधी और दिवंगत संजय गांधी के बेटे हैं। संजय गांधी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के छोटे बेटे थे।
राजनीतिक सफर की बात करें तो वरुण गांधी भारतीय जनता पार्टी में एक मजबूत पहचान बना चुके हैं। वह उत्तर प्रदेश की पीलीभीत लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रह चुके हैं और पार्टी के भीतर लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
उनकी मां मेनका गांधी ने संजय गांधी की 1980 में विमान दुर्घटना में मृत्यु के बाद कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार के अन्य सदस्यों से अलग होकर भारतीय जनता पार्टी का रुख किया था। बाद में वर्ष 2004 में उन्होंने औपचारिक रूप से भाजपा जॉइन की और अपने बेटे वरुण गांधी के साथ पार्टी में अपनी राजनीतिक पारी को आगे बढ़ाया।
उस समय वरुण गांधी ने भी भाजपा में शामिल होने के अपने फैसले को देशहित में बताया था। उन्होंने कहा था कि मैं मानता हूं कि भाजपा को मजबूत करना और उसमें शामिल होना देश के हित में है, इसलिए मैंने यह फैसला लिया।
इसके बाद वरुण गांधी ने पार्टी में तेजी से अपनी पहचान बनाई और साल 2012 में उन्हें भाजपा का महासचिव नियुक्त किया गया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 1:11 PM IST












