ईरान ने जिसे मार गिराने का दावा किया, जानिए कितना ताकतवर है अमेरिकी एफ-15ई स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमान

ईरान ने जिसे मार गिराने का दावा किया, जानिए कितना ताकतवर है अमेरिकी एफ-15ई स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमान
ईरान ने दावा किया कि उसने अमेरिकी लड़ाकू विमान को मार गिराया है। उसके इस दावे के बाद दुनिया का ध्यान एक बार फिर अमेरिका के अत्याधुनिक एफ-15ई स्ट्राइक ईगल पर केंद्रित हो गया है। यह विमान अमेरिकी वायुसेना के सबसे भरोसेमंद और बहु-भूमिका वाले फाइटर जेट्स में गिना जाता है। यूएस एयरफोर्स की आधिकारिक वेबसाइट 'एएफडॉटएमआईएल' ने इस पर प्रकाश भी डाला है।

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान ने दावा किया कि उसने अमेरिकी लड़ाकू विमान को मार गिराया है। उसके इस दावे के बाद दुनिया का ध्यान एक बार फिर अमेरिका के अत्याधुनिक एफ-15ई स्ट्राइक ईगल पर केंद्रित हो गया है। यह विमान अमेरिकी वायुसेना के सबसे भरोसेमंद और बहु-भूमिका वाले फाइटर जेट्स में गिना जाता है। यूएस एयरफोर्स की आधिकारिक वेबसाइट 'एएफडॉटएमआईएल' ने इस पर प्रकाश भी डाला है।

एफ-15ई स्ट्राइक ईगल को 1988 में पहली बार सेवा में शामिल किया गया था। इसे खास तौर पर इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह हवा में दुश्मन के विमानों से लड़ने के साथ-साथ जमीन पर मौजूद ठिकानों पर भी सटीक हमला कर सके। यह दो सदस्यीय क्रू—एक पायलट और एक वेपन सिस्टम ऑफिसर—के साथ संचालित होता है। दावा है कि इस वजह से ही जटिल मिशन को बेहतर तरीके से अंजाम दिया जा सकता है।

यह लड़ाकू विमान हर मौसम और दिन-रात किसी भी समय उड़ान भरने में सक्षम है। इसमें लगे अत्याधुनिक एवियोनिक्स और रडार सिस्टम इसे लंबी दूरी से लक्ष्य पहचानने और उन पर सटीक हमला करने की क्षमता देते हैं। इसका एपीजी-70 रडार सिस्टम हवा और जमीन दोनों तरह के लक्ष्यों को ट्रैक कर सकता है, जिससे यह एक साथ कई तरह के खतरों से निपट सकता है।

एफ-15ई की एक बड़ी खासियत इसका एलएएनटीआईआरएन (लो-एल्टीट्यूड नेविगेशन एंड टारगेटिंग इंफ्रारेड) सिस्टम है, जो इसे बेहद कम ऊंचाई पर उड़ान भरने और रात या खराब मौसम में भी सटीक हमले करने में सक्षम बनाता है। यह सिस्टम पायलट को जमीन के बेहद करीब सुरक्षित उड़ान भरने में मदद करता है।

प्रदर्शन के मामले में भी यह विमान बेहद शक्तिशाली है। इसकी अधिकतम गति लगभग 1,875 मील प्रति घंटा (मैक 2.5 से अधिक) है और यह करीब 60,000 फीट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है। इसकी लंबी रेंज और भारी हथियार ले जाने की क्षमता इसे गहरे तक दुश्मन के इलाके में जाकर हमला करने के लिए उपयुक्त बनाती है।

हथियारों की बात करें तो इसमें 20 मिमी की आंतरिक तोप (गन) के अलावा एम-9 साइडवाइंडर और एम-120 अमराम जैसी हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें लगाई जा सकती हैं। इसके साथ ही यह विभिन्न प्रकार के प्रिसिजन गाइडेड और पारंपरिक बम भी ले जा सकता है।

इस विमान का निर्माण अमेरिकी एयरोस्पेस कंपनी बोइंग ने किया है। शुरुआती दौर में इसकी कीमत करीब 31 मिलियन डॉलर थी, जो आधुनिक अपग्रेड के साथ बढ़कर करीब 100 मिलियन डॉलर तक पहुंच गई है।

यूएस एयरफोर्स के अनुसार, अपनी लंबी दूरी, भारी पेलोड और खुद की सुरक्षा करते हुए मिशन पूरा करने की क्षमता के कारण एफ-15ई स्ट्राइक ईगल अमेरिकी वायुसेना की ताकत है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 April 2026 2:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story