जदयू नेताओं ने नीतीश कुमार को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर दी बधाई
नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर निर्विरोध चुने गए। जदयू के वरिष्ठ नेताओं ने सीएम को शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस पार्टी की स्थापना नीतीश कुमार ने की थी, और उन्होंने ही इसे आगे बढ़ाया है। अगर वे निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाते हैं, तो इसमें बड़ी बात क्या है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार हमारे सर्वमान्य नेता हैं और जब राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नीतीश कुमार ने नामांकन किया, तभी चीजें स्पष्ट हो गई थीं कि वे निर्विरोध चुने जाएंगे। नीतीश कुमार का कौन विरोध करेगा।
सांसद संजय झा ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पार्टी बिहार में 20 सालों से काम कर रही है और इसने इतना बड़ा बदलाव लाया है। अभी जो चुनाव हुए, उनमें हमारे गठबंधन को इतनी बड़ी जीत मिली है। हम सभी उनके लिए शुभकामनाएं देते हैं, वे निर्विरोध चुने गए हैं। अब हम पार्टी कार्यालय भी जाएंगे, जहां हम उनका प्रमाण पत्र लेंगे।
उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश कुमार बहुत जल्द राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगे।
जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जनता दल यूनाइटेड का पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जदयू का पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई। आपके कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच एवं जनसेवा के प्रति समर्पण से संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा विकास और सुशासन की दिशा में नए कीर्तिमान स्थापित होंगे।
सीएम नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने पर जदयू की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा गया कि नीतीश कुमार को निर्विरोध रूप से जनता दल (यूनाइटेड) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व की दिशा और जनसेवा के प्रति समर्पण से संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और विकास व सुशासन के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
बताते चलें कि हाल ही में बिहार में संपन्न हुए राज्यसभा चुनाव में नीतीश कुमार को जीत मिली है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 March 2026 6:17 PM IST












