- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- जिनका नंबर रजिस्टर्ड, उन्हें ही...
गाइडलाइन: जिनका नंबर रजिस्टर्ड, उन्हें ही मिलेगा सिलेंडर, नई व्यवस्था में अब राशन कार्ड पर केरोसिन देने के संकेत

Nagpur News. मोबाइल रजिस्टर्ड नहीं कराने वाले गैस उपभोक्ताओं पर आफत आ गई है। जिनका नंबर रजिस्टर्ड है, उन्हें ही सिलेंडर मिल रहा है। नागपुर में ऐसे हजारों लोग हैं, जो तबादले पर नागपुर तो आ गए, लेकिन मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड नहीं किया। दरअसल, मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के बाद सिलेंडर की किल्लत शुरू होने पर गैस कंपनियों ने एसओपी जारी की है।
सिलेंडर नहीं दे रहे
कुछ महीने पहले पुणे से नागपुर आई कोमल सावरकर ने बताया कि 100-200 रुपए ज्यादा देकर या परिचित से सिलेंडर मिल जाता था। हमने अभी तक अपना गैस कनेक्शन पुणे से नागपुर में ट्रांसफर नहीं किया। अब सिलेंडर नहीं मिल रहा। गैस एजेंसी पहुंचने पर जवाब मिला कि पहले गैस कनेक्शन नागपुर में ट्रांसफर करो। साथ ही ईकेवायसी करो और उसके बाद ही सिलेंडर की बुकिंग हो सकेगी।
नया कनेक्शन मिलना बंद
गैस कंपनियों ने जो गाइडलाइन जारी की है, उसके मुताबिक अगले आदेश तक नया कनेक्शन मिलना बंद है। शहर में ऐसे कई लोग हैं, जो गैस कनेक्शन लेना चाहते हैं, लेकिन अगले आदेश तक इन्हें नया कनेक्शन नहीं मिल सकेगा।
यह भी पढ़े -गैस के बाद पेट्रोल-डीजल की भी मारा-मारी, एलपीजी की कमी ने छीनी हजारों मजदूरों की रोजी-रोटी
खाद्यान्न आपूर्ति विभाग के सचिव ने ली बैठक
सिलेंडर की किल्लत को देखते हुए सरकार राशन कार्ड पर केरोसिन देने पर गंभीरता से विचार कर रही है। खाद्यान्न आपूर्ति विभाग के सचिव अनिल डीकीकर ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से नागपुर समेत राज्य भर के जिला आपूर्ति अधिकारियों के साथ बैठक कर परवानाधारक (लाइसेंसी) केरोसिन विक्रेताआें की सूची मांगी है। बैठक में खाद्यान्न वितरण अधिकारियों से सिलेंडर की मांग व आपूर्ति का डेटा लिया गया। लाइसेंसी केरोसिन विक्रेताआें की भी सूची मांगी गई है। जरूरत पड़ने पर राशन दुकान से केरोसिन वितरण की तैयारी है।
राशन दुकानदार भी तैयार रहें
अगर किसी लाइसेंसी केरोसिन विक्रेता ने केरोसिन वितरण करने से मना किया तो राशन दुकानदाराें को इस काम में लगाने की तैयारी है। खाद्यान्न वितरण अधिकारियों को इस संबंध में राशन दुकानदारों से चर्चा कर विभाग को अवगत कराना है।
अभी कोटा तय नहीं हुआ
राशन कार्ड पर कितना केरोसीन दिया जाएगा, इसका कोटा अभी तय नहीं हुआ है। विभाग ने बीपीएल, अंत्योदय, प्राधान्य व सफेद सभी कार्ड का डेटा मांगा है। एक राशन कार्ड पर कितना केरोसिन देना है, इसका फैसला सरकार लेगी। बैठक में खाद्यान्न विभाग के उपायुक्त अनिल बंसोड, जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद पडोले व खाद्यान्न वितरण अधिकारी विनोद काले उपस्थित थे।
तीन दशक पुराना दौर लौटने के आसार
तीन दशक पहले सभी राशन कार्ड पर केरोसिन मिलता था। इसके बाद जिनके पास गैस कनेक्शन है, उन्हें केरोसिन देना बंद हुआ। कुछ वर्षों बाद राशन कार्ड पर केरोसिन मिलना ही बंद हो गया। सिलेंडर की किल्लत के बाद अब फिर से तीन दशक पुराना दौर लौटने के आसार बढ़ गए हैं।
Created On :   24 March 2026 6:21 PM IST











