जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी तेज, भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत

जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी तेज, भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 मार्च को जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन और प्रस्तावित विशाल जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी नेतृत्व ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रम को अभूतपूर्व बनाने का आह्वान किया है।

लखनऊ, 24 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 मार्च को जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन और प्रस्तावित विशाल जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी नेतृत्व ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रम को अभूतपूर्व बनाने का आह्वान किया है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सोमवार को जेवर (गौतमबुद्धनगर) में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में 28 मार्च को होने वाले जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह और प्रस्तावित जनसभा की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने दायित्व का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ करेगा।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश “विकसित भारत” के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में बुनियादी ढांचे, डिजिटल क्रांति, औद्योगिक विकास और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उत्तर प्रदेश में भी इसी दिशा में विकास की नई धारा प्रवाहित हो रही है।

उन्होंने कहा कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रदेश के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा, जो न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे उत्तर भारत के आर्थिक विकास को नई गति देगा। इसके साथ ही रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बनेगा। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी कार्यक्रम की सफलता की कुंजी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान को तेज करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में यह संकल्प लिया गया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाया जाएगा। इसके लिए सभी कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा, उत्साह और अनुशासन के साथ जुटेंगे तथा आयोजन को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

नेताओं ने निर्देश दिए कि जनसभा में आने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वागत, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि आयोजन का सकारात्मक संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचे। साथ ही सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुचारु रूप से पूर्ण करने पर जोर दिया गया। बैठक में उपस्थित नेताओं ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की कर्मठता, अनुशासन और समर्पण से यह आयोजन न केवल भव्य होगा, बल्कि एक अविस्मरणीय और ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज किया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 March 2026 6:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story