झारखंड लातेहार में दो लाख के इनामी सुनील उरांव सहित जेजेएमपी के दो एरिया कमांडर गिरफ्तार
लातेहार, 3 दिसंबर (आईएएनएस)। झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में लातेहार जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के दो सक्रिय एरिया कमांडरों, दो लाख के इनामी सुनील उरांव उर्फ मंटू और मुकेश लोहरा, को पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान में गिरफ्तार कर लिया।
लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पिछले दिनों पुलिस मुठभेड़ में इस संगठन का कमांडर पप्पू लोहरा मारा गया था। सूचना मिली थी कि दो अन्य एरिया कमांडर संगठन को फिर से सक्रिय करने की कोशिश में जुटे हैं। इस पर एसडीपीओ (डीएसपी) अरविंद कुमार के नेतृत्व में लातेहार और मनिका थाना की संयुक्त पुलिस टीम बनाई गई।
सूचना के मुताबिक, सुनील उरांव अपने गांव के सदर थाना क्षेत्र के नवागढ़ के पास दिखा, जबकि मुकेश लोहरा मनिका थाना क्षेत्र के पुरनी पल्हेया गांव के आसपास छिपा था। दोनों इलाकों में बुधवार तड़के तीन से चार बजे के बीच एक साथ छापेमारी की गई और पुलिस ने दोनों उग्रवादियों को दबोच लिया।
एसपी ने बताया कि सुनील उरांव के खिलाफ लातेहार समेत आसपास के थाना क्षेत्रों में सात से अधिक केस दर्ज हैं, जबकि मुकेश लोहरा के खिलाफ दो केस दर्ज हैं। हालिया पुलिस मुठभेड़ के दौरान दोनों भाग निकले थे। उन्होंने कहा कि पुलिस की लगातार कार्रवाई से जेजेएमपी की गतिविधियां लगभग समाप्त हो चुकी हैं और संगठन में अब केवल 4-5 सदस्य बचे हैं।
पिछले छह महीनों में पुलिस ने एनकाउंटर में जेजेएमपी सुप्रीमो समेत दो नक्सलियों को ढेर किया है, जबकि कई सक्रिय उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। शेष बचे उग्रवादियों के खिलाफ अभियान जारी है। छापेमारी अभियान में डीएसपी अरविंद कुमार के अलावा मनिका थाना प्रभारी शशि कुमार, लातेहार थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता, एसआई विक्रांत उपाध्याय, राहुल कुमार सिन्हा, विकास कुमार, धर्मवीर सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Dec 2025 5:03 PM IST












