कर्नाटक बेलगावी में फ्रिज विस्फोट से लगी आग में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत

कर्नाटक बेलगावी में फ्रिज विस्फोट से लगी आग में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत
कर्नाटक के बेलगावी शहर में गणेश चतुर्थी के दिन एक घर में फ्रिज में विस्फोट के बाद लगी भीषण आग की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। गंभीर रूप से झुलसे पिता-पुत्र की इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। दोनों का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन उपचार का असर नहीं हुआ।

बेलगावी, 16 सितंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के बेलगावी शहर में गणेश चतुर्थी के दिन एक घर में फ्रिज में विस्फोट के बाद लगी भीषण आग की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। गंभीर रूप से झुलसे पिता-पुत्र की इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। दोनों का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन उपचार का असर नहीं हुआ।

यह दर्दनाक हादसा सोमवार रात बेलगावी शहर के चव्हाट गली इलाके में हुआ था। घटना मार्केट पुलिस थाना क्षेत्र की है। हादसे में अब तक एक ही परिवार के छह लोगों की जान जा चुकी है।

पुलिस के अनुसार, परिवार ने सोमवार को घर में गणेश चतुर्थी का त्योहार मनाया था और इसके बाद सभी सोने चले गए। देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की प्रारंभिक आशंका जताई गई थी। आग लगने के कुछ ही देर बाद फ्रिज में कथित तौर पर विस्फोट हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान शारदा दमोन, भारती दमोन, प्रिय दमोन और गंगा दमोन के रूप में हुई थी। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे गजानन दमोन (61) और रोशन दमोन (21) को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय परिवार एक झोपड़ीनुमा ढांचे में रह रहा था और आग लगने के वक्त सभी लोग एक साथ सो रहे थे। आग इतनी भीषण थी कि फ्रिज पूरी तरह जलकर कथित तौर पर छोटे डिब्बे के आकार का रह गया, जबकि घर का अन्य सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया।

हादसे की सूचना मिलने के बाद बेलगावी पुलिस आयुक्त ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया था। मार्केट पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के वास्तविक कारण और फ्रिज में विस्फोट की परिस्थितियों की विस्तृत जांच शुरू की है। परिवार के सभी सदस्य मजदूरी का काम करते थे।

इससे पहले 9 मई को बेंगलुरु के नगरभवी इलाके में एक होटल में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई थी। रात के समय आग लगने के कारण ऊपरी मंजिल पर बने स्टाफ रूम में सो रहे पांच कर्मचारी बाहर नहीं निकल सके थे।

वहीं, 2025 में कुंबारा संघ भवन में स्थित बार-कम-रेस्तरां में तड़के लगी भीषण आग में दम घुटने से पांच लोगों की मौत हो गई थी। मामले में सुरक्षा और वेंटिलेशन से जुड़ी गंभीर खामियों के आरोप में भवन मालिकों को गिरफ्तार किया गया था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 Sept 2026 7:58 PM IST

Tags

Next Story