खार्ग आइलैंड एक्सपोर्ट हब के पास तेल लीक की खबरें बेबुनियाद ईरान
तेहरान, 10 मई (आईएएनएस)। ईरान ने अपने प्रमुख व्यापारिक केंद्र के तौर पर पहचाने जाने वाले खार्ग द्वीप में तेल रिसाव की खबरों का खंडन किया है। सेटेलाइट इमेज के आधार पर तेल लीक का दावा किया गया था।
अब रॉयटर्स के मुताबिक, ईरान की ऑयल टर्मिनल्स कंपनी ने तेल लीक की खबरों को बेबुनियाद बताया है। दरअसल, सैटेलाइट इमेजरी में खाड़ी में देश के मुख्य तेल एक्सपोर्ट हब के पश्चिम में एक चिकनी परत दिखी थी इसी आधार पर रिसाव का दावा किया गया था।
कंपनी के चीफ एग्जीक्यूटिव ने कहा कि निरीक्षण में द्वीप के पास स्थित स्टोरेज टैंक, पाइपलाइन, लोडिंग फैसिलिटी या टैंकर से लीक के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। उन्होंने आगे कहा कि मरीन इमरजेंसी म्यूचुअल एड सेंटर (एमईएमएसी), जो एक रीजनल मरीन पॉल्यूशन बॉडी है, ने भी इलाके में लीकेज का कोई निशान नहीं बताया है।
अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट सामने आने के बाद ही ईरानी टीम ने फील्ड इंस्पेक्शन किया और लैब टेस्टिंग की थी। इसी आधार पर उन्होंने कहा कि लीकेज का “जरा सा भी निशान” नहीं मिला था।
दरअसल, सैटेलाइट तस्वीरों के हवाले से बताया गया था कि ईरान के खार्ग द्वीप के पास समुद्र में बड़ा तेल रिसाव हुआ है। खार्ग ईरान के लिए बहुत खास है, क्योंकि यहीं से ज्यादातर तेल विदेशों को निर्यात किया जाता है।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि, गुरुवार तक यह करीब 20 वर्ग मील इलाके में फैल चुका था। ऑर्बिटल ईओएस संस्था का कहना था कि 3 हजार बैरल से ज्यादा तेल समुद्र में बहने की आशंका है; यह तेल सऊदी अरब की ओर बढ़ता देखा गया। रिपोर्ट में इस रिसाव से पर्यावरण को होने वाले नुकसान पर चिंता जताई गई थी।
ईरान के करीब 80-90 फीसदी कच्चे तेल का निर्यात खार्ग द्वीप से होता है। यहां बड़े तेल टर्मिनल, पाइपलाइन, भंडारण और जहाजों में तेल भरने की फैसिलिटी मौजूद हैं। जिससे हर दिन करीब 70 लाख बैरल तेल जहाजों में भरे जाने का दावा किया जाता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 May 2026 7:05 PM IST












