- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 2 दिन कड़ी धूप से राहत फिर 42...
मौसम: 2 दिन कड़ी धूप से राहत फिर 42 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, तेज हवा से पांच जगह पेड़ गिरे

Nagpur News. रविवार सुबह से ही धूप निकलने के बाद उमस और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। उत्तर दिशा से आ रही नमी वाली हवाओं के कारण 2-3 दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। 11 मई से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, विदर्भ क्षेत्र से गुजर रही द्रोणिका के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है। इसी वजह से स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश और बादलों की स्थिति बन रही है। हालांकि यह प्रभाव अस्थायी है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर में 2 दिन के बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि फिलहाल दो दिन राहत भरे होंगे। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पूरे दिन आसमान साफ रहने की संभावना है और फिलहाल बारिश के कोई संकेत नहीं हैं। गर्मी बढ़ने के कारण दोपहर के समय शहर की सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी कम दिखाई दी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और आवश्यक होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है।
शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया।
तेज हवा से पांच जगह पेड़ गिरे
शनिवार को तेज हवा से शहर के अलग-अलग इलाकों में पांच जगहों पर पेड़ गिरे। यातायात बाधित हुआ, हालांकि किसी के हताहत होने या नुकसान की खबर नहीं है। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सिविल लाइंस स्थित भवन स्कूल के पास, जरीपटका रिंग रोड पर पावर ग्रिड चौक, कॉटन मार्केट फायर स्टेशन के पास जाधव चौक, त्रिमूर्ति नगर ले-आउट और गजानन मंदिर के पीछे सड़क पर पेड़ गिरे। पेड़ों को हटाने और यातायात बहाल करने के लिए दमकल दल और आपातकालीन वाहन तुरंत प्रभावित स्थानों पर भेजे गए। एक अधिकारी ने बताया कि दिन भर में पेड़ गिरने के संबंध में पांच कॉल प्राप्त हुए।
Created On :   10 May 2026 7:02 PM IST













