वारदातें: ज्वेलर्स की दुकान से 42.10 लाख के जेवर व नकदी चोरी, प्रतिबंधित मांगुर मछली की तस्करी मामले में बंगलुरु जा रहा जांच दल

ज्वेलर्स की दुकान से 42.10 लाख के जेवर व नकदी चोरी, प्रतिबंधित मांगुर मछली की तस्करी मामले में  बंगलुरु जा रहा जांच दल
  • ज्वेलर्स की दुकान का चोरों ने देर रात शटर तोड़ा
  • सोने-चांदी के गहनों समेत नकदी पर हाथ साफ
  • मांगुर मामले में बंगलुरु जाएगा जांच दल

Nagpur News. एमआईडीसी थाना क्षेत्र में एक ज्वेलर्स की दुकान का चोरों ने देर रात शटर टेढ़ाकर भीतर प्रवेश किया और सोने-चांदी के गहनों समेत नकदी पर हाथ साफ कर दिया। माल की कीमत 42.10 लाख रुपए बताई जा रही है। एमआईडीसी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता मनोज शाह (56) की गेडाम ले-आउट स्थित आईसी चौक में मोनाली स्टील एंड मोनाली ज्वेलर्स नामक दुकान है। मनोज शुक्रवार को रात करीब 9 बजे दुकान के शटर को ताला लगाकर घर चले गए। सुबह जब दुकान में पहुंचे, तब चोरी की जानकारी सामने आई। फुटेज की जांच में तड़के करीब 4 से 6 बजे के बीच 4 संदिग्ध युवक, जिन्होंने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे, चोरी करते हुए दिखाई दिए। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है। बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक दिलीप थोरवे कर रहे हैं। इस मामले में तीन आरोपियों के हिरासत में लेने की खबर है।

मांगुर - बंगलुरु जाएगा जांच दल

उधर प्रतिबंधित मांगुर मछली की तस्करी मामले में जांच दल बंगलुरु जाने की तैयारी में है। तीन दिन पहले बजाज नगर पुलिस ने लाखों रुपए की प्रतिबंधित मांगुर मछली से भरा ट्रक पकड़ा था। 25 लाख का माल जब्त किया था। वर्धा रोड पर रहाटे कॉलोनी चौक के पास कृपलानी टर्निंग पर 6 मई को तड़के बजाज नगर थाने के दस्ते ने ट्रक (क्र.के.ए.67-2967) पकड़ा था। मांगुर प्रजाति की 6 टन मछली बरामद की गई थी। बंगलुरु से उत्तर प्रदेश में इसकी तस्करी हो रही थी। मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय की सहायक प्रोफेसर अश्विनी टेकाम ने जब्त मछली मांगुर जाति की होने की पुष्टि करते हुए उस प्रतिबंध होने की बात दर्ज शिकायत में कही है। इसके बाद प्रकरण दर्ज कर ट्रक सहित 25 लाख रुपए का माल जब्त िकया गया था।

Created On :   10 May 2026 7:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story