खड़गे की टिप्पणी पर भाजपा उग्र, जेपी नड्डा और शिवराज चौहान समेत बड़े नेताओं ने साधा निशाना

खड़गे की टिप्पणी पर भाजपा उग्र, जेपी नड्डा और शिवराज चौहान समेत बड़े नेताओं ने साधा निशाना
बिहार की राजधानी पटना में रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित तौर पर अपशब्द कहने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान और पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने खड़गे की टिप्पणी की कड़ी निंदा की है।

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित तौर पर अपशब्द कहने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान और पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने खड़गे की टिप्पणी की कड़ी निंदा की है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वर्गीय पिता के प्रति कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की जितनी कड़ी निंदा की जाए, कम है।

उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार से हताश कांग्रेस अपनी राजनीतिक खुन्नस प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार पर अनर्गल टिप्पणियों के माध्यम से निकाल रही है। देश और दुनिया में मोदी जी की बढ़ती लोकप्रियता और जनता के अटूट विश्वास से उपजी विपक्ष की बौखलाहट अब उसकी भाषा और व्यवहार में स्पष्ट दिखाई दे रही है।

नड्डा ने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के जनादेश से चुने गए प्रधानमंत्री और उनके परिवार के प्रति ऐसी अमर्यादित बयानबाजी न केवल राजनीतिक संस्कारों की कमी दर्शाती है, बल्कि देश की जनता का भी अपमान है। लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध कीजिए, लेकिन मर्यादाओं का उल्लंघन नहीं। कांग्रेस को समझना होगा कि नफरत और अपमान की राजनीति से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता। देश की जनता ऐसी ओछी राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से अवश्य देगी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कांग्रेस पार्टी की नफरत जगजाहिर है। इसी नफरती सोच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वर्गीय पिता को लेकर जो अभद्र टिप्पणी की है, ये कांग्रेस की गिरती साख और बढ़ती हताशा को दिखाता है।

प्रधान ने कहा कि जिस पद की जिम्मेदारी लोकतांत्रिक मूल्यों और सार्वजनिक शालीनता को बनाए रखने की है, उसी पद से ऐसी भाषा का इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। राजनीतिक विरोध में मर्यादा भूल चुकी कांग्रेस अब नीतियों और विचारों के आधार पर मुकाबला करने की बजाय केवल व्यक्तिगत अपमान का सहारा ले रही है।

उन्होंने कहा कि पहले प्रधानमंत्री जी की स्वर्गीय माताजी के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियों के बाद अब उनके दिवंगत पिताजी को लेकर ऐसी टिप्पणी करना कांग्रेस के राजनीतिक आचरण पर गंभीर सवाल खड़े करता है। क्या कांग्रेस के पास प्रधानमंत्री जी का विरोध करने के लिए मुद्दे और तर्क समाप्त हो चुके हैं?

पूर्व मंत्री ने कहा कि खड़गे जी, प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनता का स्नेह कांग्रेस की बौखलाहट बढ़ा रहा है। मगर ये याद रखिए, जनता का विश्वास कांग्रेस की कुंठा से बड़ा है और लोकतंत्र में जनादेश का अपमान करके जनसमर्थन कभी हासिल नहीं किया जा सकता।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मन बहुत व्यथित है। मल्लिकार्जुन खड़गे जी जैसे वरिष्ठ नेता से अपेक्षा थी कि वे मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करेंगे। प्रधानमंत्री जी के पूज्य पिताजी के बारे में ऐसी अमर्यादित भाषा भारतीय सभ्यता, संस्कृति, संस्कार, जीवन मूल्यों और शालीनता के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि पराजित होते-होते कांग्रेस इतनी बौखला गई हैं कि अपना मानसिक संतुलन खो बैठी हैं। मैं सोनिया गांधी जी से पूछना चाहता हूं कि क्या खड़गे जी ने गांधी परिवार के इशारे पर ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया? यदि नहीं, तो क्या कांग्रेस उनसे इस्तीफा लेगी?

चौहान ने कहा कि पीएम मोदी करोड़ों-करोड़ जनता के हृदय के हार हैं। उनका और उनके परिवार का अपमान देश सहन नहीं करेगा। कांग्रेस को जवाब देना चाहिए कि क्या ऐसी अमर्यादित भाषा राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद की गरिमा के अनुरूप है?

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि बिहार सभ्यता की जननी है, ऐसे में बिहार की धरती से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और पद की गरिमा का सम्मान बनाए रखना जरूरी है। राजनीतिक विरोध तथ्यों और तर्कों पर आधारित होना चाहिए, न कि व्यक्तिगत टिप्पणियों पर।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story