राफेल और सुखोई के करतबों से गूंजा काशी का आसमान, एयर शो देखकर लोगों ने जताई खुशी

राफेल और सुखोई के करतबों से गूंजा काशी का आसमान, एयर शो देखकर लोगों ने जताई खुशी
काशी की धरती पर पहली बार आयोजित हुए एयर शो 'विंग्स ओवर गंगा' के आखिरी दिन जनसैलाब उमड़ पड़ा। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस तीन दिवसीय एरियल डिस्प्ले का फाइनल डे सबसे यादगार रहा। गंगा के ऊपर आसमान में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों ने जब करतब दिखाए तो लाखों दर्शकों ने भारत माता की जय के नारों के साथ वायुसेना के शौर्य को सलाम किया।

वाराणसी/चंदौली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। काशी की धरती पर पहली बार आयोजित हुए एयर शो 'विंग्स ओवर गंगा' के आखिरी दिन जनसैलाब उमड़ पड़ा। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस तीन दिवसीय एरियल डिस्प्ले का फाइनल डे सबसे यादगार रहा। गंगा के ऊपर आसमान में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों ने जब करतब दिखाए तो लाखों दर्शकों ने भारत माता की जय के नारों के साथ वायुसेना के शौर्य को सलाम किया।

नमो घाट और गंगा के दोनों किनारों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। वाराणसी और चंदौली समेत पूर्वांचल के कई जिलों से लोग इस ऐतिहासिक नजारे को देखने पहुंचे थे।

एयर शो का मुख्य आकर्षण 'अलकनंदा फॉर्मेशन' रहा, जिसने भारत के तीनों रक्षा बलों के आपसी तालमेल को दर्शाया। इस दौरान एक चिनूक हेलीकॉप्टर ने आसमान में '94' की आकृति बनाकर वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ का जश्न मनाया। यह राष्ट्रीय रक्षा, सैन्य अभियानों, जीतों, बलिदानों और मानवीय सहायता में वायु सेना के योगदान को याद करने का एक अनोखा तरीका था।

सुखोई, राफेल, तेजस जैसे लड़ाकू विमानों ने जब गड़गड़ाहट के साथ गंगा के ऊपर उड़ान भरी और हेलीकॉप्टरों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए तो पूरा आसमान रोमांच से भर गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस नजारे को अपने मोबाइल में कैद करता नजर आया।

काशी में पहली बार हुए इस तरह के एयर शो को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखा। लोगों ने एयर शो की जमकर तारीफ की।

वाराणसी के स्थानीय निवासी अभिनेष सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "अद्भुत, अकल्पनीय। मैं 56 साल का हूं और इन 56 वर्षों के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है। जैसा कि लोग कहते हैं, पीएम मोदी के साथ सब कुछ मुमकिन है। प्रधानमंत्री मोदी की वजह से ही काशी के लोगों को इतना शानदार शो देखने को मिला। वायु सेना के इंतजाम बहुत अच्छे थे। सब कुछ व्यवस्थित था। यह काशीवासियों के लिए गर्व का क्षण है। प्रधानमंत्री जी खुद हमारे साथ नमो घाट पर बैठे, जिससे यह पल और भी गर्व की बात बन गया।"

राजलक्ष्मी यादव ने कहा, "मैंने काशी में ऐसा आज तक नहीं देखा। हम कह सकते हैं कि मोदी है तो मुमकिन है। पीएम मोदी की ही वजह से हम काशीवासियों को ये सब देखने को मिल रहा है।"

पूनम यादव ने कहा, "काशी को बहुत ही सुंदर और शांत जगह माना जाता है, लेकिन हमारे आधुनिक 'एवेंजर्स' योद्धाओं को देखकर यह जोश हमारे युवाओं के लिए बहुत प्रेरणादायक है। मुझे लगता है इस एयर शो के बाद 80 से 90 प्रतिशत युवा पायलट और योद्धा बनना चाहेंगे।"

चंदौली से आए एक स्थानीय ने कहा, "जब से मोदी जी प्रधानमंत्री बने हैं, वाराणसी में काफी विकास हुआ है। सड़कें, नालियां साफ हुई हैं, रेलवे स्टेशन सुधरा है। हमने कभी सोचा भी नहीं था कि वाराणसी में इतना शानदार शो होगा। हम परसों भी आए थे और आज फिर आए हैं। ऐसा लगता है इसे पूरा दिन देखते ही रहें, यह शो खत्म ही न हो।"

तीन दिन तक चले इस 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो ने काशी के लोगों के दिलों में खास जगह बना ली है और युवाओं में देशभक्ति और वायुसेना में जाने का नया जुनून भर दिया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story