मुंबई के मशहूर आइसक्रीम ब्रांड 'के रुस्तम' पर एफडीए की बड़ी कार्रवाई, फूड लाइसेंस निलंबित
मुंबई, 9 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई के चर्चगेट स्थित 80 साल से भी पुराने और मशहूर आइसक्रीम ब्रांड 'के रुस्तम' पर खाद्य और औषधि प्रशासन (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के चलते एफडीए ने प्रतिष्ठान का फूड लाइसेंस निलंबित कर तत्काल प्रभाव से संचालन बंद करने का आदेश दिया है।
ब्रेबॉर्न स्टेडियम के पास स्थित 'के रुस्तम' अपने प्रतिष्ठित आइसक्रीम सैंडविच के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है, लेकिन एफडीए की अचानक की गई जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। यह कार्रवाई एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंडे के 'जीरो टॉलरेंस' अभियान के तहत की गई, जिसके तहत मुंबई के प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।
जांच के दौरान कई गंभीर खामियां पाई गईं। इनमें खाद्य सामग्री तैयार करने और संभालने वाले क्षेत्रों में स्वच्छता का गंभीर उल्लंघन किया जा रहा था। इसके अलावा, डेयरी उत्पादों के लिए निर्धारित तापमान और रेफ्रिजरेशन मानकों का पालन नहीं किया गया, जिससे खाद्य पदार्थ खराब होने और बैक्टीरिया पनपने का खतरा पाया गया। कई खाद्य उत्पादों पर अनिवार्य लेबल, निर्माण तिथि, बैच नंबर और अन्य जरूरी जानकारी नहीं थी।
वहीं, आइसक्रीम तैयार और परोसने वाले कर्मचारियों के पास कानूनन आवश्यक मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं थे। इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए एफडीए ने 'के रुस्तम' का फूड लाइसेंस निलंबित कर प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया है। अब सभी कमियों को दूर करने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 July 2026 10:13 AM IST












