नशे के खिलाफ भाजपा के अभियान से 'आप' की भगवंत मान सरकार घबरा गई अनिल विज
अंबाला, 22 सितंबर (आईएएनएस)। हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने दावा किया है कि भाजपा द्वारा पंजाब में नशे के खिलाफ शुरू किए गए अभियान से भगवंत मान की सरकार घबरा गई है।
अनिल विज ने पंजाब में ड्रग्स के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के अभियान से पार्टी परेशान है।
अंबाला में मीडिया से बातचीत के दौरान अनिल विज ने कहा कि 'आप' की सरकार इसलिए परेशान है क्योंकि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। भाजपा ने ड्रग्स के खिलाफ एक अभियान शुरू किया है। जब से यह अभियान शुरू हुआ है, उन्हें इस बात की चिंता सता रही है कि उनकी सरकार चली जाएगी, ड्रग्स पर रोक लगेगी, और ड्रग माफिया से जुड़े नेताओं का राजनीतिक करियर प्रभावित होगा। इसी डर की वजह से वे इस तरह से इसका विरोध कर रहे हैं।
यूपी चुनाव 2027 को लेकर अनिल विज ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोगों ने इन सभी पार्टियों के अस्तित्व को नकार दिया है। चाहे वे अलग-अलग लड़ें या साथ मिलकर, उनका अंत तय है, क्योंकि जब भी उन्हें सेवा करने का मौका मिला, वे नाकाम रहे। लोग फेल हुए छात्रों को क्यों पसंद करेंगे? वे अब फेल हो चुके हैं।
भाजपा सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में खेती और किसानों पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केवल हमारा ही प्रदेश है, जिसमें एमएसपी पर फसलें खरीदी जा रही हैं। किसी भी प्रदेश में यह रेट नहीं दिया जा रहा है। किसानों को हर साल 6,000 रुपए की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि दी जा रही है। तीन किस्तों में मिलने वाली राशि से किसानों के छोटे-मोटे काम पूरे हो जाते हैं, और इससे पहले किसी अन्य सरकार ने इस तरह का काम नहीं किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Sept 2026 6:27 PM IST












