- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- नलजल योजना में भ्रष्टाचार को लेकर...
रीवा न्यूज: नलजल योजना में भ्रष्टाचार को लेकर तीन इंजीनियर और ठेकेदार पर ईओडब्ल्यू ने दर्ज की एफआईआर

डिजिटल डेस्क रीवा।मऊगंज जिले के नईगढ़ी विकासखंड अन्तर्गत नलजल योजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला उजागर हुआ है। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग के 3 इंजीनियर और ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने अधूरे कार्य और निर्माण के बाद टंकी धरासायी होने के मामले को दरकिनार करते हुए संबंधित ठेकेदार को 3 करोड़ 85 लाख 900 रुपए का पूर्ण भुगतान भी कर दिया। ईओडब्ल्यू के हवाले से बताया गया है कि मऊगंज जिले के नईगढ़ी ब्लाॅक अन्तर्गत विभिन्न ग्रामों में जल प्रदाय हेतु पानी की टंकी का निर्माण एवं पाइप लाइन बिछाए जाने का कार्य कराया जाना था। इस मामले में मऊगंज लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार द्वारा योजना के कार्य में मिलीभगत कर गुणवत्ताविहीन निर्माण कार्य कराए गए। नईगढ़ी के खटखरी गांव में करीब 40 लाख रुपए की लागत से निर्मित टंकी टेस्टिंग के दौरान धराशायी होकर जमीन पर आ गई।
इन पर दर्ज हुई एफआईआर
ईओडब्ल्यू रीवा इकाई ने 3 करोड़ 85 लाख 900 रुपए के भ्रष्टाचार के मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिन अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज हुई है उनमें तत्कालीन कार्यपालन यंत्री जनार्दन प्रसाद द्विवेदी, संजय पांडेय तत्कालीन सहायक यंत्री पीएचई खंड मऊगंज एवं तत्कालीन उपयंत्री एपी तिवारी शामिल हैं। इसके अलावा संविदाकार मेसर्स शिवेंद्र कुमार तिवारी पुत्र हीरालाल तिवारी निवासी प्रभातीपुरवा तहसील मनगवां हैं। इनके विरुद्ध धारा 316 (5), 318 (4), 61 (2) बीएनएस 2023 एवं धारा 7 (सी), 13 (1), 13 (2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
Created On :   22 Sept 2026 9:14 PM IST












