- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर को लेकर...
रीवा न्यूज: निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर को लेकर आयोजित की गई जागरूकता गतिविधियां

डिजिटल डेस्क रीवा.
11वां आयुर्वेद दिवस 23 सितंबर को आयुर्वेद औषधालय गुढ़ में मनाया जाएगा। इस अवसर पर निःशुल्क रोग निदान एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, वात रोग सहित अन्य सामान्य रोगों की जांच की जाएगी। रोगियों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण भी किया जाएगा।आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे आयुर्वेद सप्ताह के तहत गुढ़ क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में आयुर्वेद आधारित जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस का विषय ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ रखा गया है। आयुष विभाग एवं जिला आयुष अधिकारी रीवा डॉ. शारदा मिश्रा के निर्देशन में आयुर्वेद औषधालय गुढ़ की प्रभारी आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. निर्मला कुशवाहा ने पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुढ़ तथा शासकीय कन्या हाईस्कूल गुढ़ में छात्र-छात्राओं को आयुर्वेद के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने दिनचर्या, ऋतुचर्या, पौष्टिक आहार, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन, चित्र निर्माण एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों को औषधीय पौधों के उपयोग, प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने तथा विभिन्न रोगों से बचाव के उपाय भी बताए गए।
कार्यक्रम में आयुर्वेद कम्पाउंडर जीतेन्द्र सिंह पटेल, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता संध्या सोनी, दवासाज जोखूलाल, पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुढ़ के प्राचार्य डॉ. विनय कुमार मिश्रा, शासकीय कन्या हाईस्कूल के प्राचार्य राघवेंद्र सहित दोनों विद्यालयों के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Created On :   22 Sept 2026 8:32 PM IST












