नवनीत राणा की 'बुर्का' वाली टिप्पणी पर मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रिजवी बरेलवी ने दी तीखी प्रतिक्रिया
बरेली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। अखिल भारतीय मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रिजवी बरेलवी ने भाजपा नेता नवनीत राणा के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि नवनीत राणा मुस्लिम महिलाओं से भयभीत और डरी हुई हैं। इसलिए उन्होंने बयान दिया कि बुर्का पहनने वाली महिला मुख्यमंत्री या मेयर नहीं बन सकती।
मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रिजवी बरेलवी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मुर्शिदाबाद के विधायक हुमायूं कबीर के बयान पर नवनीत राणा का यह कहना कि बुर्का पहनने वाली महिला मुख्यमंत्री या मेयर नहीं बन सकती। असल में, वह मुस्लिम महिलाओं से भयभीत और डरी हुई हैं। नवनीत राणा खुद एक महिला हैं, इसलिए उन्हें अन्य सम्प्रदाय की महिलाओं के लिए भी इस तरह के बयान नहीं देने चाहिए। उनको इतिहास देखना चाहिए, क्योंकि आज भी कई महिलाएं देश के अंदर मेयर हैं।"
मालेगांव की मेयर का उदाहरण देते हुए मुफ्ती शहाबुद्दीन रिजवी बरेलवी ने कहा, "नवनीत राणा को वहां जाकर देखना चाहिए। असम में फातिमा नाम की महिला भी मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। इसके अलावा मुस्लिम महिला नेताओं की अनेकों मिसालें हैं, जो दी जा सकती हैं। नवनीत राणा को परेशानी बुर्का से नहीं है, बल्कि उन्हें मुस्लिम महिलाओं से ही परेशानी है।"
इससे पहले, हुमायूं कबीर के 'बुर्का' वाले बयान पर नवनीत राणा ने पलटवार किया था। उन्होंने अपने बयान में कहा, "हुमायूं कबीर की सात पीढ़ियां भी नीचे आ जाएं, तो पश्चिम बंगाल ही नहीं पूरे देश में कहीं पर भी बुर्का वाली न महापौर बन सकती है और न उनका कोई व्यक्ति कभी मुख्यमंत्री बन सकता है। हुमायूं कबीर सिर्फ सपने में सपना भी लेने के लिए 100 बार सोचना चाहिए।"
उन्होंने कहा कि यह भगवान राम और उनके विचारों व भीमराव अंबेडकर की ओर से दिए गए संविधान की भूमि है। नवनीत राणा ने यह भी कहा, "भारत जब तक सेकुलर नहीं हो सकता है, जब तक मुस्लिम देश छोड़कर नहीं जाएंगे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 8:58 AM IST












