एनसीआर में 8 अप्रैल तक बिगड़ा रहेगा मौसम, तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
नोएडा, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। एनसीआर में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण क्षेत्र में लगातार बादल छाए हुए हैं, तेज हवाएं चल रही हैं और कई जगहों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार यह अस्थिर स्थिति 8 अप्रैल तक बनी रह सकती है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार 4 अप्रैल को नोएडा क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। 5 और 6 अप्रैल को मौसम कुछ हद तक साफ रहने की संभावना है, जहां तापमान 32 से 33 डिग्री तक पहुंच सकता है, लेकिन इसके बाद 7 और 8 अप्रैल को फिर से आंशिक बादल छाने और बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारों का दौर लौट सकता है।
वहीं, वायु गुणवत्ता की बात करें तो एनसीआर में प्रदूषण का स्तर भी मध्यम से खराब श्रेणी में बना हुआ है। दिल्ली के आनंद विहार क्षेत्र में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 250 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। अशोक विहार में एक्यूआई 180, बवाना में 143, चांदनी चौक में 156 और कैंटोनमेंट क्षेत्र में 193 दर्ज किया गया है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर भी रही, जैसे डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में एक्यूआई 73 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।
नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में भी वायु गुणवत्ता मध्यम से खराब स्तर पर बनी हुई है। सेक्टर-125 में एक्यूआई 195, सेक्टर-62 में 181, सेक्टर-1 में 208 और सेक्टर-116 में 199 दर्ज किया गया है। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि मौसम में बदलाव के बावजूद प्रदूषण पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो पाया है। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। गेहूं और सरसों की खड़ी फसलें तेज हवाओं और ओलों की मार से प्रभावित हुई हैं, जिससे उत्पादन में गिरावट की आशंका जताई जा रही है।
किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और तेज हवाओं व बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहें।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 9:54 AM IST












