राजनीति: हर घर तक पहुंचेगा भाजपा का संदेश धर्मपाल सिंह

लखनऊ, 5 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सोमवार को वाराणसी के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित एक बैठक में कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार करने का मंत्र दिया।
उन्होंने अनुसूचित वर्ग के जिला व मंडल पदाधिकारियों के साथ संवाद कार्यक्रम में कहा कि भाजपा ने हमेशा अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग के उत्थान व भागीदारी को प्राथमिकता दी है। यही वजह है कि देश के सर्वोच्च पदों पर इस वर्ग का प्रतिनिधित्व हुआ और भाजपा ने बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा दिए गए अधिकारों को और मजबूत किया। भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि विपक्ष के फैलाए भ्रम, झूठ और जातिवाद की साजिशों का हर स्तर पर पर्दाफाश किया जाए।
धर्मपाल सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि पंचतीर्थ, डाक टिकट, भीम ऐप जैसे कार्यों से बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि दी गई है। दूसरी ओर, कांग्रेस और सपा ने हमेशा अनुसूचित वर्ग को सिर्फ वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल किया और उनके अधिकारों को कुचला।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में दलितों पर अत्याचार चरम पर था, उनके खेत, खलिहान, घर कब्जाए गए और फर्जी मुकदमे लादकर उन्हें प्रताड़ित किया गया।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि इस पार्टी ने बाबा साहेब का अंतिम संस्कार तक दिल्ली में नहीं होने दिया और जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू कर अनुसूचित वर्ग के अधिकारों को खत्म किया।
धर्मपाल सिंह ने स्पष्ट किया कि मंडल कार्यसमिति के गठन में सभी जाति वर्गों का प्रतिनिधित्व हो, ताकि आदर्श मंडल कार्यसमितियां बनें। उन्होंने जोर देकर कहा, ''हर बूथ को मजबूत किला बनाना है, क्योंकि मजबूत बूथ ही 2027 में भाजपा की बड़ी विजय का माध्यम बनेंगे। हमें एक-एक घर, एक-एक व्यक्ति तक पहुंचकर विपक्ष की साजिशों को बेनकाब करना है और प्रधानमंत्री मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करना है।''
बैठक में काशी क्षेत्र के 16 जिलों के 337 मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे, जहां धर्मपाल सिंह ने प्रभावी मंडल संरचना, बूथ मजबूती और सभी क्षमतावान कार्यकर्ताओं को स्थान देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे निष्ठा और परिश्रम के साथ आगे बढ़ें क्योंकि भाजपा का असली बल उसका समर्पित कार्यकर्ता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 May 2025 6:58 PM IST